महंगाई ने घटाया लक्ष्मीजी का वजन!

Uncategorized

धनतेरस व दीपावाली सीजन के लिए सराफा में इस बार भगवान गणेश, लक्ष्मी व सरस्वती सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का वजन कम कर दिया गया है। इसकी वजह चांदी में पिछले एक साल में लगभग 25 हजार की बढ़ोतरी को बताया जा रहा है।

मार्केट में 25 ग्राम, 50 ग्राम, 100 ग्राम तक की भगवान की मूर्तियां विशेष रूप से बनवाई गई हैं, जबकि पिछली बार 200 ग्राम, 500 ग्राम और एक किलो तक की प्रतिमाएं चलन में थीं। कुछ लोग अपने पूजा घर में विशुद्घ रूप से चांदी से बनी प्रतिमाओं की पूजा करते हैं। ऐसे लोगों के लिए आर्डर देने पर इससे भी ज्यादा वजन की प्रतिमाएं बाहर से मंगवाई जाती हैं।

सिक्के भी हुए दोगुने : सराफा व्यापारियों के अनुसार पिछले साल तक चांदी 30 हजार रुपए किलो बिकी थी। धनतेरस के बाद चांदी में जबरदस्त तेजी आई थी। इसका असर इस साल भी दिखाई दे रहा है। एक साल में चांदी ब़ढ़कर 55 हजार रुपए किलो से ज्यादा हो चुकी है।

एक समय चांदी ने 75 हजार का आंकड़ा पार कर लिया था। पिछले साल 200 ग्राम की गणेश, लक्ष्मी व सरस्वती की प्रतिमाएं लगभग 6000 रुपए तक बिकी थीं। इस बार 200 ग्राम की प्रतिमा की कीमत लगभग 11 हजार से अधिक है। इसे देखते हुए इस बार प्रतिमाओं का वजन कम कर दिया है, ताकि लोग आसानी से खरीद सकें।

मार्केट में अभी 100 ग्राम की प्रतिमाएं 5500 और 50 ग्राम की कीमत 2800 तथा इससे भी हलकी 25 ग्राम वाली प्रतिमा 1350 रुपए कीमत की है।

इसके अलावा 12 ग्राम का पूजा वाला चांदी का सिक्का 620 और 10 ग्राम का सिक्का 560 रुपए बिक रहा है। पिछले साल ये सिक्के 300 से 350 रुपए में बिके थे। चांदी की कीमत में प्रतिदिन हो रही तेजी व मंदी के चलते सिक्कों व प्रतिमाओं की कीमत भी घटती-बढ़ती रहती है।

पिछले कई दिनों से चांदी में मंदी के चलते सराफा में ग्राहकी बढ़ी है। त्योहारी सीजन को देखते हुए धनतेरस तक कीमत और ब़ढ़ सकती है।