गंगा व रामगंगा दोनों चेतावनी बिंदु के पार, हाई अलर्ट

Uncategorized

शुक्रवार तक जलस्तर और बढ़ने की आशंका,

फर्रुखाबाद: गंगा व रामगंगा में पानी छोड़े जाने से दोनों नदियों का जलस्तर चेतावनी बिदु को पार कर  गया है| जिस कारण प्रशासन चौकन्ना हो गया है व किसी भी स्थित से निपटने के लिए ग्रामीणों को भी सतर्क कर दिया गया है| बाढ का पानी गांवों में घुसने के कारण ग्रामीणों ने पलायन शुरू कर दिया है।

नरौरा बांध से गंगा नदी में आज सुबह 143280 एवं सायंकाल 260089 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वहीं कालागढ़ से भी एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने की सूचना दी है। बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के बाद सिंचाई विभाग ने बाढ़ की चेतावनी जारी कर दी है। सिंचाई विभाग ने रामगंगा में तीन-चार फीट जलस्तर बढ़ने की आशंका जताकर रामगंगा किनारे के गांवों में सतर्कता रखने को कहा है। रामगंगा में सायंकाल 10 सेमी जलस्तर बढ़ गया। अगले 24 घंटे में जलस्तर वृद्धि के आसार हैं। नरौरा, कालागढ़ बैराज से लगातार भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने से गंगा एवं रामगंगा उफना गईं। रामगंगा का जलस्तर 136.85 मीटर पर पहुंच गया, वहीं गंगा का जलस्तर 136.75 मीटर पर है।

जिलाधिकारी रिग्जियान सैंफिल ने बाढ़ ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बाढ़ से निपटने एवं आवश्यकतानुसार राहत पहुंचाने के निर्देश दिये हैं। गंगा व रामगंगा के किनारे के गांवों में हाई अलर्ट कर दिया गया है।

अधिशासी अभियंता सिंचाई सीएस गोस्वामी ने बताया कि नरौरा व कालागढ से जो पानी छोड़ा गया है, वह काफी अधिक है। उनहोंने बताया कि शुक्रवार सुबह तक गंगा व रामगंगा दोनों निदयों का जल स्तर खतरे के निशान १137.10 के पार जा सकने की आशंका है।