पेट के आपरेशन के बाद महिला नें तोड़ा दम, परिजनों नें किया हाई-वे जाम

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) पेट दर्द के चलते महिला का आपरेशन किया गया| आपरेशन के बाद अचानक हालत बिगड़ने के बाद परिजन उसे लेकर कानपुर गये जहाँ मृत घोषित कर दिया गया| परिजन शव लेकर वापस आ गये| उन्होंने अस्पताल के निकट ही हाई-वे पर शव रखकर जाम लगा दिया| पुलिस के समझानें के बाद परिजन हटे| पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है|
थाना कादरी गेट के ग्राम पपियापुर निवासी सोनू राजपूत की 30 वर्षीय पत्नी रीना के पेट में दर्द की शिकायत रहती थी| कोतवाली फतेहगढ़ के मसेनी चौराहे पर एक अस्पताल में उसे भर्ती कराया| जहाँ उसके पेट का आपरेशन चिकित्सक नें कर दिया| रीना के भाई रामतीर्थ निवासी पट्टीदारापुर नें बताया कि आपरेशन के बाद उसकी हालत गंभीर हो गयी| जिसके बाद रीना को कानपुर के लिए रिफर कर दिया गया| परिजन शनिवार सुबह लगभग 9 बजे एम्बुलेंस से उसे लेकर कानपुर गये जहाँ चिकित्सक नें रीना को मृत घोषित कर दिया|
परिजन शव लेकर वापस आ गये और उसे अस्पताल के सामने हाई-वे पर रखकर जाम लगा दिया| सूचना पर तत्काल कोतवाल फतेहगढ़ हरीश्याम के साथ ही पांचाल घाट चौकी इंचार्ज अमित शर्मा, आवास विकास चौकी इंचार्ज दीपक कुमार आदि मौके पर पंहुचे| उन्होंने कार्यवाही का भरोसा दिया| जिसके बाद परिजनों नें शव को हटा लिया|अस्पताल कर्मी व चिकित्सक मौके से खिसक गये| पुलिस नें अस्पताल के एक कर्मी को हिरासत में ले लिया है| कोतवाल फतेहगढ़ नें बताया कि तहरीर आ गयी है| जाँच की जा रही है|