एफएसडीए नें 8 नमूने संग्रह कर 69 किलो बर्फी व 58 किलो केक किया नष्ट

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गुरुवार को दीपावली, गोवर्धन पूजा व भाईदूज पर्व के को देखते हुए एफएसडीए द्वारा छापामार कार्यवाही कर जांच हेतु 8 नमूने संग्रह किये गये | जिससे बाजार में हड़कंप मचा रहा|



उप जिलाधिकारी गजराज सिंह व सहायक आयुक्त (खाद्य)-2 सय्यद शाहनवाज़ हैदर आबिदी के निर्देशन में एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बिजेन्द्र कुमार, विमल कुमार, अरूण कुमार मिश्र व आशीष कुमार वर्मा द्वारा कार्यवाही की गयी |

अंकित गुप्ता पुत्र अजय गुप्ता, निवासी अवन्तीबाई नगर की खाद्य प्रतिष्ठान से एक मिल्क केक का नमूना जाच के लिए संग्रहित किया गया| नमूना संग्रह के साथ ही 39 किलोग्राम मिल्क केक जिसका अनुमानित मूल्य रूपया 6240 है, को मानव उपभोग हेतु उपयुक्त न होने के कारण नष्ट कराया गया। खाद्य पदार्थ दूध की बर्फी का 01 नमूना जाँच हेतु संग्रह किया गया। नमूना संग्रह के साथ 69 किलोग्राम दूध की बर्फी जिसका अनुमानित मूल्य रूपया 11,040 है, को नष्ट कराया गया।
ग्राम नगरिया देवधरापुर स्थित खाद्य प्रतिष्ठान शोभित किराना स्टोर के मालिक शोभित कुमार पुत्र शिव नरायन की दुकान से सरसों का तेल का 01 नमूना जाँच हेतु संग्रह किया गया। बेवर रोड, मोहम्मदाबाद स्थित खाद्य प्रतिष्ठान के मालिक सन्तोष पुत्र सुरेश चन्द्र निवासी मोहल्ला किदवई नगर से मिल्क केक का 01 नमूना जाँच हेतु संग्रह किया गया। नमूना संग्रह के उपरान्त 19 किलोग्राम मिल्क केक उपयुक्त न होने के कारण नष्ट कराया गया। संकिसा रोड, मोहम्मदाबाद पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठान चौरसिया मिष्ठान भण्डार के मालिक अशोक कुमार चौरसिया निवासी मोहल्ला शिवाजी नगर खोया का 1 नमूना जाँच हेतु संग्रह किया गया। शास्त्री नगर मोहम्मदाबाद स्थित खाद्य प्रतिष्ठान दुबे मिष्ठान भण्डार प्रतीक दुबे पुत्र अरूण कुमार दुबे निवासी शिवाजी नगर से खाद्य पदार्थ छेना का रसगुल्ला का 1 नमूना जाँच हेतु संग्रह किया गया। ग्राम पट्टी कतरौली स्थित खाद्य प्रतिष्ठान यादव डेयरी मालिक संजू पुत्र स्वर्गीय राम सनेही यादव निवासी ग्राम कतरौली से पनीर का 01 नमूना जाँच हेतु संग्रह किया गया। अवन्तीबाई नगर चौराहा महादेव मिष्ठान भण्डार के मालिक प्रतीक गुप्ता पुत्र राधा कृष्ण गुप्ता निवासी मोहल्ला शिवाजी नगर से खोया का 1 नमूना जाँच हेतु संग्रह किया गया।