डोली भूमि गिरत दसकंधर, छुभित सिंधु सरि दिग्गज भूधर

FARRUKHABAD NEWS


फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विजयादशमी के दिन भगवान राम ने रावण का वध किया। इसके बाद पूरा मेला परिसर श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इसी के साथ राम-रावण युद्ध समाप्त हुआ। भगवान श्रीराम ने जैसे ही तीर चलाया, रावण धू-धू कर जलने लगा। रावण वध अधर्म पर धर्म व असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दे गया। पुतले में आग लगते ही दर्शकों ने जयघोष किया।


श्री रामलीला मंडल सरस्वती भवन की ओर से मंगलवार को क्रिश्चियन इंटर कालेज के मैदान पर दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। सायं रेलवे रोड स्थित सरस्वती भवन से रथों पर सवार होकर राम और रावण के स्वरूप क्रिश्चियन कालेज के लिए रवाना हुए। राम और रावण की सेनाएं पैदल युद्ध करते हुए चल रही थीं। यह रेलवे रोड, त्रिपोलिया चौक, नेहरू रोड, घुमना, लालसराय और लालदरवाजा से होते हुई क्रिश्चियन कालेज
मैदान पर पहुंची। यहां दोनों सेनाओं के बीच भयंकर युद्ध हुआ। भगवान राम ने रावण को कई बार तीर मारे लेकिन वह नहीं मारा। इस पर विभीषण आकर राम को बताते हैं कि रावण की नाभि में अमृत है, इस पर प्रभु राम रावण की नाभि में तीर मारते हैं। तीर लगते ही रावण धराशायी होकर गिर पड़ता है। रावण का वध होते ही मैदान में चारों ओर जय श्रीराम के उद्घोष गूंजने लगे। इस दौरान रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों को आग के हवाले कर दिया गया। रंग-बिरंगी आतिशबाजी का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। इस कौतूहल को देखने के लिए सड़क और मैदान पर लोगों की भारी भीड़ जमा रही।
लोगों ने उतारी श्रीराम की आरती
विजयादशमी के दिन शाम को रामलीला का मंचन शुरू हुआ। इस मौके पर समिति के प्रमुख लोगों ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और पूजा की। मंचन के दौरान सर्व प्रथम भगवान श्रीराम ने कुंभकरण को युद्ध में पराजित किया। बलशाली भाई की मृत्यु से बौखलाया रावण स्वयं श्रीराम से युद्ध करने पहुंचा और दोनों के बीच घमासान युद्ध हुआ। अंत में भगवान राम के एक तीर ने बलशाली रावण को धराशायी कर दिया।
लगा रहा मेला
रामलीला के क्रिश्चियन कालेज मैदान में मेला लगा रहा। खान-पान, खिलौने, सौंदर्य प्रसाधन व घरेलू सामान की दुकानें सजी रहीं। खिलौनों व सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर बच्चों व महिलाओं की भीड़ लगी रही। लोगों ने मिठाई खरीदी और भगवान राम को चढ़ाई। प्रसाद अपने घर ले गए। माहौल उत्सव व उल्लास से भरपूर था।
एसपी नें मारा रावण के पुतले को तीर
एसपी विकास कुमार नें रावण के वध के बाद उसके पुतले पर तीर चलाया | जिसके बाद रावण का पुतला धू-धूं कर जलने लगा| लोगों नें जय श्री राम के नारे लगाये|
क्रेन पर राधा कृष्ण नें सभी को किया आकर्षित
इस बार मुरादाबाद से कलाकार बुलाये गये थे| जो श्री कृष्ण-राधा के स्वरूपों में क्रेन पर बने झूले पर बैठे दिखे| वहीं कृष्ण भक्त कलाकार भी पहली बार राम रावण युद्ध के दौरान नजर आये|
आतिशबाजी से रंगीन हुआ आसमान
रावण की नाभि में तीर मारते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। रावण के पुतले में लगाई गई आतिशबाजी से मैदान गुंजायमान हो गया। आतिशबाजी को देखने के लिए आसपास क्षेत्र के लोगों की हजारों की संख्या में भीड़ जुटी। रंग-बिरंगी आतिशबाजी का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। नगर मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र, कमेटी संरक्षक डॉ. रजनी सरीन, अध्यक्ष लाल जी टंडन, मटर लाल दुबे, मंत्री कपिल गुप्ता, सह कोषाध्यक्ष धीरू सारस्वत, सीओ सिटी प्रदीप कुमार, यातायात प्रभारी रजनेश कुमार यादव, कादरी गेट थानाध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला आदि रहे|