तिरंगे के रंग में रंगे बाजार, सिर चढ़कर बोल रहा देश भक्ति का जुनून

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सरकारी इमारतों से लेकर निजी भवन रोशनी से सजाये गये। साफ सफाई के साथ ही भवनों को खूब सजाया गया। वहीं बाजार में तिरंगा झंडे की भी खूब खरीदारी हुई।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद में सरकारी इमारतों से लेकर स्कूल कालेज व निजी भवन रोशनी से जगमग हो उठे। फतेहगढ स्थित कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला अस्पताल, कचहरी समेत अन्य सरकारी भवनों को खूब सजाया गया। जिले भर में निजी संस्थान व स्कूल-कालेज भी सजाए गए। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर दीपावली जैसा नजारा शहर में दिखाई दिया। पूर्व संध्या पर तिरंगे झंडे की भी जमकर बिक्री हुई। तिरंगा बैंड, रिबन का बैज खूब बिके। गांधी आश्रम से भी तिरंगा झंडा खूब बिका। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बाजार तरह-तरह के तिरंगों से पटा नजर आया। तिरंगा झंडे के अलावा टोपी की भी धूम रही। मुख्यालय पर जगह-जगह तिरंगे झंडे की अस्थायी दुकानें सजी रही। वहीं स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को अंतिम रूप देने में विभागीय अधिकारी व कर्मचारी लगे रहे। बाजार में नई लुक एवं आकर्षक डिजाइनों में तिरंगा झंडे की भरमार है। वहीं बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के पसंद का ध्यान रखा गया है। बाजार से प्लास्टिक के झंडे लगभग गायब है। स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाने के लिए लोग तैयारी में जुटे हैं| बाजारों में तिरंगे टोपी, रीबन, बैज, स्टीकर, दुकानदार कम मात्रा में मंगाए हैं। जगह-जगत तिरंगा बेचने वालों की दुकानें सज गई हैं। लोगों के सिर देशभक्ति का जुनून सर चढ़कर बोल रहा है। हर दिल की चाहत है कि वे भी तिरंगा खरीदें। जिसकी जेब जैसी उसके पास वैसे तिरंगा झंडा है। इस समय तिरंगा बाजार में पांच रुपये लेकर 200 रुपये तक बिक रहा है। स्कूली बच्चों की उत्सुकता देखते ही बन रही है। राष्ट्रीय पर्व को लेकर बाजारों में तिरंगा झंडा, तिरंगा कलाई, तिरंगा टी-शर्ट, तिरंगा की तरह बनी मलिगा टोपी भी आई हुई है। कार्यालय को सजाने के लिए झंडे की बिक्री खूब हुई। दफ्तरों के लोग झंडे के रंग के बैलून भी खरीद रहे थे।