अद्भुत और अलौकिक दिखी सामूहिक कांवड़ यात्रा

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अदभुत, अलौकिक और अप्रियतम। चहुं दिशाएं एकसार और भोले भंडारी की जय जयकार। श्रावण मास के रविवार को अपरा काशी में नगर का अद्भुत नजारा अलग ही नजर आया। मानों निशा भोर की प्रतीक्षा में जाग रही हैं और और दिन सिंदूरी आभा बिखेर रहा हो। यह नजारा सामूहिक कांवड़ यात्रा के रंग में रंगे नगर में नजर आया| जो सांझी संस्कृति के संगम संग शिव की आस्था की तस्वीर में पेश कर रहा था। नजारा ऐसा कि हर तरफ बम बम भोले की गूंज सुनाई दे रही थी।
हिन्दू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा व जय भोले बाबा कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी (भोले) के संयोजन में सामूहिक कांवड़ यात्रा का आयोजन रविवार सुबह पांचाल घाट से रेलवे रोड़ स्थित पांडेश्वर नाथ मन्दिर तक किया गया | जिसमे 211 कावड़ियों नें यात्रा में हिस्सा लिया | पांडेश्वर नाथ मन्दिर में सभी नें जलाभिषेक किया | कांवड़ यात्रा के विधिवत आरंभ होने पर नगर सामान्य दिनों की अपेक्षा बदला हुआ नजर आया| कदम-कदम पर धर्म-अध्यात्म की गंगा बह रही है। जिसमे शिवभक्त गोते लगाते दिखाई दे रहे हैं। आस्था के इस रंग में हर कोई रंगने को लालायित है। आस्था और आध्यात्म से भाव-विभोर हर कोई शिवभक्तों को देखकर रुककर निहार रहा है तो कोई हाथ जोड़कर प्रणाम कर रहा था। कांवड़ यात्रा में महिलायें आगे तिरंगा व शिव पताका लेकर चल रहीं थी, उनके पीछे महिलाओं का समूह कांवड़ लेकर पंत्ति में अनुशासन के साथ चलता दिखा | सबसे पीछे पुरुष कांवड़ियों की टोली चल रही थी| पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था में नजर आया| सभी पांचाल घाट से कादरी गेट, लाल दरवाजा, लाल सराय , घुमना, नेहरु रोड़, चौक , रेलवे होते हुए पांडेश्वर नाथ मन्दिर पंहुचे और जलाभिषेक किया| इस दौरान हिन्दू महासभा जिलाध्यक्ष क्रांति पाठक, मुनीश मिश्रा, सौरभ मिश्रा, मोनू तिवारी, केशव वर्मा, जुगनू मिश्रा,सचिन शर्मा, दीपक शर्मा, प्रसून पाठक, रश्मि मिश्रा, आरती पाठक, आशू अग्रवाल व आरती पांडेय, लक्ष्मी द्विवेदी, मंजू मिश्रा, जीतू बाजपेई नीरज वाजपेयी, कन्हैया वाजपेयी, मनु दुबे, पवन कुमार, राजकुमार वर्मा, सर्वेश वर्मा, ,रोहित वर्मा, मोहन सिंधी, राजेश मिश्रा आदि रहे|