सपा जिला कमेटी में रार, इस्तीफों की झड़ी 

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सपा की जिला कमेटी बने अभी 24 घंटे भी नही हुए की नाराज पदाधिकारियों नें पद से त्यागपत्र देनें का दौर शुरू हो गया| नाराजगी भी जायज नजर आयी| प्रदेश कमेटी में रहे वरिष्ठ नेताओं को जिला कमेटी में सदस्य बना दिया गया| यानि रिटायर्ड सीओ को जैसे सिपाही बना दिया जाये| फिलहाल कई नाराज पदाधिकारियों नें प्रदेश नेतृत्व को इस्तीफा सौंपा है| जिससे सपा में रार फैल गयी है|
दरअसल बीते दिन जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव ने जिला प्रभारी नबल किशोर शाक्य की मौजूदगी में सपा जिला कमेटी की घोषणा की थी| जिसमे कई वरिष्ठ व पार्टी के अच्छे पदों पर रहे नेताओं को जिला कमेटी में सदस्य बना दिया गया| जिससे सपा में रार फ़ैल गयी है| वरिष्ठ सपा नेता अधिवक्ता रामसनेही उर्फ मुन्ना यादव नें जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव को त्याग पत्र भेजा| उन्हें सचिव बनाया गया था| 10 साल से लगातार लोहिया वाहिनी के अध्यक्ष रहे जबकि 6 साल से निवर्तमान लोहिया वाहिनी अध्यक्ष हैं| उन्हें सपा जिला कमेटी में सदस्य बनाया गया जहाँ पूर्व महिला सभा की महानगर अध्यक्ष बीना शर्मा को भी कमेटी में सदस्य बनाया गया है| लिहाजा डिमोशन होनें पर उन्होंने भी इस्तीफा दे दिया है|
पूर्व जिला महासचिव अल्पसंख्यक सभा खुर्शीद अहमद खां नें सदस्य बनाये जानें पर, पूर्व जिला सचिव अरविन्द वाथम नें जिला सचिव मनोनीत होनें पर पद से इस्तीफा दे दिया| मसरुर अहमद खां नें इस्तीफा दिया जिसमे कहा कि वह 1995 से सपा के लिये काम कर रहे है कभी भी कोई पद नही मिला इस बार जिला कमेटी में सदस्य बनाया गया| जिससे वह आहत है लिहाजा इस्तीफा दे रहें है| लिहाजा लगभग एक दर्जन लोगों नें पार्टी में उचित सम्मान ना मिलने पर त्याग पत्र दे दिया|
पूर्व प्रदेश सचिव को भी बनाया जिला कमेटी में सदस्य
निवर्तमान प्रदेश सचिव संजय सिंह नें इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष सपा को त्यागपत्र भेजा है| जिसमे उन्होंने कहा कि वह प्रदेश सचिव रह चुके हैं लिहाजा उन्हें सचिव बनाकर उनका डिमोशन किया गया|
सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव नें जेएनआई को बताया कि किसी का भी डिमोशन नही किया गया है| सभी को उनकी वरिष्ठता के आधार पर दयित्व दिया गया है| कुछ ग्यानी लोग अपना दिमाग लगा रहे हैं| जिला कमेटी में कोई खामी नही है|