पुरानी रंजिश में नौ साल बाद किया किसान का कत्ल

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(शमसाबाद संवाददाता)बुधवार को खेत में मक्का की फसल की रखवाली करते समय कुल्हाड़ी मार कर वृद्ध किसान की हत्या करने के आरोप में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपियों की पुलिस को तलाश है। इसमें एक पीडब्ल्यूडी व एक रोडवेज हरदोई में कर्मचारी है। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी वृद्ध की करीब नौ साल से रंजिश चल रही थी।
थाना क्षेत्र के गांव ऊगरपुर निवासी वृद्ध नन्हे लाल 26 मई की रात को खेत में मक्का की फसल रखा रहे थे। 27 मई की सुबह पुत्र अमृत कुमार चाय देने के लिए खेत पर गया। वहां पिता नन्हेलाल का शव खून से लहूलुहान पड़ा हुआ था। पुत्र अमृत कुमार ने गांव के सुधीर, विनोद, अमित उफर् राजन लाला व अनुराग के खिलाफ पिता की हत्या करने के आरोप का मुकदमा दर्ज कराया था। शमसाबाद थानाध्यक्ष बलराज भाटी मुकदमे की विवेचना कर रहे हैं। उन्होंने जांच पड़ताल में वृद्ध नन्हेलाल की पुरानी रंजिश की बिंदु को लेकर जांच की। तब पता चला कि शाहजहांपुर जिले के थाना मिर्जापुर के गांव काकर खेड़ा निवासी रतिराम की नन्हेलाल से पुरानी रंजिश चल रही थी। वर्ष 2014 में रतिराम ने नन्हेलाल और उसकी भाभी को पीट कर घायल कर दिया था। इस कारण रतिराम गांव में नहीं आता था। वह आसपास गांव में आता था और नन्हेलाल पर नजर रखता था। मौका मिलने पर उसने अन्य साथियों के सहयोग से 26 मई को घटना को अंजाम दिया। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी रतिराम को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है। एक आरोपी हरदोई रोडवेज और एक पीडब्ल्यूडी में कर्मचारी है। उनको लेकर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने पर अन्य आरोपियों को भी पकड़ कर जेल भेजा जाएगा।