नर्सिंग होम में महिला की मौत पर परिजनों ने किया हंगामा

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) घर पर प्रसव होने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसको नर्सिंग होम में भर्ती कराया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों ने गलत इजेक्शन लगाने से मौत होने का आरोप लगाका हंगामा किया। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस के समझाने के बाद परिजन शव लेकर चले गए। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव गूजरपुर निवासी अमर सिंह की गर्भवती पत्नी सुमन को शनिवार शाम को प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों ने घर पर प्रसव कराया। उसने पुत्री को जन्म दिया। प्रसव के बाद सुमन की तबीयत बिगड़ने लगी। यह देखकर परिजनों ने उसको कृष्णा हास्पिटल में रात 12 बजे भर्ती कराया। रात में महिला की हालत में सुधार हो गया। सुबह छह बजे महिला को शहर के माया हास्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन महिला को लेकर माया हास्पिटल में पहुंचे। वहां डाक्टर ने सुमन को देखकर मृत घोषित कर दिया। यह सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। वह सुमन का शव लेकर वापस कृष्ण हास्पिटल पहुंच गए। उस समय कृष्णा हास्पिटल का गेट बंद था और मौके पर अस्पताल का कोई भी डाक्टर व प्रबंधक मौजूद नहीं था। परिजनों ने अस्पताल गेट पर हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी की। पिता शिव कुमार ने बताया कि सुबह पुत्री ठीक थी। ग्लूकोस की बोतल लगाने के बाद जब इजेक्शन से दवा उसमें डालने के बाद बेटी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद बेटी की तबीयत बिगड़ती ही चली गई। इंजेक्शन से गलत दवा दिए जाने से बेटी की मौत हो गई। पिता ने बताया कि पुत्री के पहले भी बेटी हुई थी और शनिवार को भी पुत्री ने बेटी को जन्म दिया था। दामाद मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत किया। इससे परिजन शव लेकर वहां से घर चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।