रिटायर्ड अध्यापक नें पुत्रों के साथ मिलकर किसान को गोलियों नें भूना, तोड़ा दम

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद/नगर संवाददाता) बीती रात गाली-गलौज का विरोध करना किसान को भारी पड़ गया| रिटायर्ड अध्यापक ने पुत्रों के साथ मारपीट कर उसे गोलियों से भून दिया| इसे गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया जहाँ से आधी रात को पुलिस उसे लोहिया अस्पताल लेकर पंहुची जहाँ किसान को मृत घोषित कर दिया| पुलिस नें मामले में मुकदमा दर्ज कर दो को हिरासत में लिया है|
कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम गैसिंगपुर निवासी 50 वर्षीय मनोज कुशवाह का गाँव के ही परिवारी रामप्रताप व उनके पुत्रों से विवाद चलता था| रामप्रताप के पुत्र आये दिन शराब के नशे में आकर गाली-गलौज करते थे| दो दिन पूर्व भी विवाद हुआ था| मनोज के पुत्र अन्नू सिंह नें बताया कि बीती रात लगभग 9-10 के बीच रामप्रताप के पुत्र सत्यम सिंह व शिवम सिंह मेरे घर में दाखिल हुए और गाली-गलौज करनें लगे| जब गाली-गलौज का विरोध किया| विवाद होनें पर मनोज सिंह अपनी पत्नी आशा देवी व पुत्र अभय व भाई संजय सिंह व राजीव सिंह के साथ रामप्रताप के नलकूप के पास बने घर पर शिकायत करनें गये| जहाँ रामप्रताप के दोनों पुत्र सत्यम व शिवम सिंह पहले से ही मौजूद थे| तीनों पिता-पुत्र मनोज के साथ गाली-गलौज व मारपीट करनें लगे| सत्यम व शिवम नें मनोज के हाथ पकड़े और रिटायर्ड अध्यापक रामप्रताप नें अपनी लाइसेंसी एक नालू बंदूक से सीने में गोली मार दी| जिससे मनोज गम्भीर रूप से घायल हो गये| उन्हें सीएचसी एम्बुलेंस से लाया गया | जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होनें पर लोहिया अस्पताल रिफर किया गया| रात 1:05 बजे मनोज को भाई प्रमोद नें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया| जहाँ परीक्षण के बाद मनोज को चिकित्सक नें मृत घोषित कर दिया| पुलिस नें मौके पर जाँच पड़ताल की| पुलिस नें मामले में मुकदमा दर्ज कर दो को हिरासत में ले लिया | मृतक की पत्नी आशा देवी व माँ राज दुलारी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया| पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करानें की तैयारी कर रही है| हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को बरामद कर लिया गया है| अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह नें बताया कि मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है| शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है| इसके साथ ही अन्य विधिक कार्यवाही भी हो रही है| बंदूक को भी कब्जे में ले लिया गया है|