आंधी के साथ हुई बारिश, गर्मी से मिली राहत

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बीती रात तेज आंधी के साथ बारिश हुई। बारिश के बाद गर्मी से अकुलाए पशु-पक्षी व आमजन को राहत पहुंची है। उम्मीद से कम बारिश होने से किसानों में निराशा है। तेज आंधी के चलते टीनशेड, फूस से बनी झोपड़ी व कई जगह पेड़ गिर गये हैं। वहीं मक्के की फसल के लिये आसमान से अमृत बरसा है|
गर्मी के मौसम में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई दिनों से लगातार सुबह से लेकर शाम तक तेज गर्म हवाएं चलने के साथ ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया था। इससे लोग दोपहर के समय घरों से निकलने में परहेज करते नजर आते थे। गुरुवार को दिन भर तेज धूप और गर्मी से लोग बेहाल रहे| दिन भर लोग एसी व पंखों के सहारे रहे| लेकिन रात को अचानक आसमान में बादल छा जाने के बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं तेज हवा और बारिश से माहौल को ठंडा कर दिया| लोग कूलर बंद कर पंखे पर आ गये| लिहाजा शुक्रवार को दिन भर धूप निकली लेकिन गर्मी में गिरावट दर्ज की गयी| शुक्रवार को तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया|