उफ ये गर्मी ! आसमान से बरस रही आग, सड़कों पर सन्‍नाटा

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उफ! यह गर्मी, लोगों के मुंह से यही शब्द निकल रहे हैं। दोपहर में तो आसमान से आग बरस रही है। सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगता है। संक्रामक रोग भी पैर पसारने लगे हैं। जिला चिकित्सालय लोहिया में सुबह से ही रोगियों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
भीषण गर्मी ने हाल-बेहाल कर रखा है। जून की तपती गर्मी लोगों का पसीना निकाल रही है। सुबह से ही गर्मी शुरू हो जाती है। दस बजे के बाद तो गर्म हवाएं चलने लगती हैं। दोपहर में गर्म लपटों के चलते तन झुलसने लगता है। इससे बचने के लिए घरों व प्रतिष्ठानों से भी लोग नहीं निकल रहे। जरूरी कार्य होने पर ही शरीर को पूरी तरह ढककर आंखों पर चश्मा चढ़ाकर ही लोग निकल रहे हैं। भीषण गर्मी में शीतल जल की प्याऊ पर लोगों की भीड़ लग रही है। नगर पालिका द्वारा कराई गई आरओ सेवा जनहित में कारगर साबित नही हुई है। भीषण गर्मी में संक्रामक रोग भी पनपने लगे हैं। डायरिया व बुखार के रोगियों की संख्या बढऩे लगी है। जिला चिकित्सालय लोहिया में सुबह से ही ओपीडी पर लंबी कतारें लग रही हैं। हीट स्ट्रोक से बचने के लिए महिलाएं जो छाता लेकर निकल रही हैं। बाजारों में भी दोपहर के समय आवागमन होने से सन्नाटा पसरा रहता है। पारा लगातार बढ़ने से बाहर निकलना मुश्किल हो जा रहा है लोग दोपहर में जरूरी कार्यों से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दफ्तर जाने वाले लोग चेहरे को पूरी तरह ढककर ही निकल रहे हैं। सूखती हलक तर करने के लिए लोग दुकानों पर जूस व शीतल पेय का सेवन करते दिखे। गर्मी से पशु एवं पक्षी भी बेहाल हैं। आग उगलती हवा के साथ धूल का उठता गुबार राहगीरों को परेशान कर रहा है।