बसपा और कांग्रेस ने खोले आधे पत्ते, भाजपा के पूरे बंद

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) नगरीय निकाय चुनाव में जिले अध्यक्ष पद की नौ सीटों पर बसपा और कांग्रेस ने आधे अधूरे पत्ते खोले हैं, जबकि सपा ने सभी पत्ते खोलकर सभी सीटों पर प्रत्याशियों को मैदान में उतार दियें है। भाजपा ने अभी कोई भी पत्ता नहीं खोला है। सपा ने नगर पालिका सदर सीट पर पूर्व विधायक विजय सिंह की पुत्रबधू पर दांव लगाया है। वहीं बसपा ने पूर्व एमएलसी की पत्नी निवर्तमान चेयरमैन वत्सला अग्रवाल पर दांव खेला है।
जिले में दो नगर पालिका और सात नगर पंचायत हैं। इनमें अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए कई लोगों ने कांग्रेस, सपा, बसपा और भाजपा से टिकट दिए जाने के लिए दावेदारी की। कौन सी पार्टी किस प्रत्याशी को मैदान में उतार रही है, इसको जानने के लिए मतदाताओं में उत्सुकता बनी हुई थी। सपा ने शुक्रवार को यह उत्सुकता समाप्त कर दी। सभी सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी कर दी है। इसमें नगर पालिका सदर सीट पर पूर्व सपा विधायक विजय सिंह की पुत्रबधू पर दांव खेला है। मोहम्मदाबाद में निवर्तमान चेयरमैन को फिर से मौका दिया है। बसपा ने अभी तक पांच सीटों पर प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इसमें नगर पालिका सदर सीट से पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल की पत्नी निवर्तमन अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल को मैदान में उतारा है। बाकी चार सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। कांग्रेस ने पांच सीटों के पत्ते खोल कर प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी की है। भाजपा ने अभी तक किसी भी नगर पालिका और नगर पंचायत में प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। अब भाजपा किस प्रत्याशी को मैदान में उतार रही है, इसको लेकर जनता में उत्सुकता बनीं हुई हैं।
कांग्रेस के घोषित प्रत्याशी
नगर पालिका कामयगंज से मोहम्मद सरवर हुसैन, नगर पंचायत खिमसेपुर से विजयपाल, नगर पंचायत संकिसा बसंतपुर से मायादेवी, नगर पंचायत नवाबगंज से प्रदीप कुमार, नगर पंचायत शमसाबाद से बेबीपाल को प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा है।
बसपा के घोषित प्रत्याशी
बसपा ने नगर पालिका सदर से पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल की पत्नी निवर्तमान चेयरमैन वत्सला अग्रवाल, नगर पंचायत खिमसेपुर से विनीत पाल, नवाबगंज नगर पंचायत से पुष्पेंद्र पाल, शमसाबाद नगर पंचायत से राजीव दुबे और संकिसा नगर पंचायत से मनोज पाल को मैदान में उतारा है। कमालगंज, मोहम्मदाबाद, कायमगंज व कंपिल में अभी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।