पालिका चुनाव की आईजी नें परखी तैयारियां

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही आईजी प्रशांत कुमार ने जिले में आकर चुनाव को लेकर हो रही तैयारियां परखी और निरीक्षण किया। एसपी कार्यालय, फतेहगढ़ कोतवाली व शमसाबाद थाने का निरीक्षण किया। अभी तक दर्ज हुए मुकदमे और पकड़े गए आरोपियों के संबंध में जानकारी ली। कुछ कमियां मिलने पर उनको सुधारने के निर्देश दिए।
मंगलवार को आए आईजी प्रशांत कुमार को पुलिस लाइन में सुबह गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद आईजी ने परेड में भाग लिया। पुलिस लाइन में पुलिस कर्मियों रहने वाली बैरकों का जायया किया। पुलिस लाइन का निरीक्षण करने के बाद एसपी कार्यालय पहुंचे। वहां सीओ मोहम्मदाबाद, अमृतपुर के कार्यालय का निरीक्षण किया। सभी पटलों पर जाकर पत्रावलियों के निस्तारण के संबंध में जानकारी की। शाम को फतेहगढ़ कोतवाली का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की स्थिति देखी। कार्यालय के अभिलेखों को चेक करने के बाद अभी तक दर्ज हुए मुकदमे और पकड़े गए आरोपियों की जानकारी ली। अभिलेखों को चेक किया। मैस में बन रहे भोजन की गुणवत्ता देखी। इसके बाद आईजी ने शमसाबाद थाने का निरीक्षण किया। वहां भी अभिलेखों का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी की। भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता देखी| बेहतर गुणवत्ता पर फालोवर को पुरस्कार दिया| कस्बा में रूट मार्च निकाला। मारपीट की घटना की रिपोर्ट न लिखने से परेशान पीड़ित थाना शमसाबाद के ग्राम ऊधवपुर सैदपुर महमदपुर निवासी यशवीर शाक्य ने आईजी से मुलाकात कर शिकायत की। उसने कहा कि प्रधान और उसके पुत्र ने उसके साथ मारपीट की थी। जिसकी तहरीर देने के बाद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उसको थाने से टरका दिया जाता है। आईजी ने शमसाबाद थानाध्यक्ष से जानकारी कि तो उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आईजी ने बताया कि वार्षिक निरीक्षण व चुनाव की तैयारियों के संबंध में आए थे। चुनाव की तैयारियां की समीक्षा की है। लगभग सभी तैयारियां हो चुकी है।