धार्मिक विषयों पर धर्मगुरु ही दें प्रतिक्रिया: सलमान खुर्शीद

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जनपद पंहुचे भारत के पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद नें अपने शब्दों के तीर बीजेपी पर चलाये| उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा रामचरित मानस पर दिये गये वयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी| उन्होंने कहा कि जहाँ आस्था जुड़ी हो वहां सोंच समझ कर बोलना चाहिए|
कांग्रेस कार्यकर्ता वरुण त्रिपाठी के आवास पर पंहुचे सलमान खुर्शीद और उनकी पत्नी पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद मीडिया से रूबरू हुए| पूर्व विदेश मंत्री नें रामचरित मानस पर दिये गये बयानों पर कहा कि चाहे रामचरित मानस हो, कुरान हो, गुरु ग्रंथ साहिब हो जहां आस्था हो, वहां कोई प्रश्न सोच समझ कर करना चाहिए| उन्होंने कहा कि धार्मिक विषयों पर धर्मगुरु ही प्रतिक्रिया दें तो ही बेहतर है| राजनीति करनें वालो को इन सब से बचना चाहिए| जो धार्मिक विद्वान हैं वही आपस में इस पर चर्चा करें| इसे आम जनता के बीच तब तक न लाएं जब तक आम सहमति न बने| यह भारत की सभ्यता और संस्कृति से जुड़ा हुआ मामला हैं| उन्होंने बाबा के बुलडोजर पर कहा कि बुलडोजर परमाणु शक्ति की तरह है, यदि परमाणु शक्ति का प्रयोग सही हो तो ठीक नही तो गलत इस्तेमाल से मानवता का संकट उत्पन्न हो सकता है| उसी तरह बुलडोजर भी काम करता है| यदि सही प्रयोग हो तो अवैध क्रिया-कलापों को खत्म करता है| यदि गलत प्रयोग हो तो उत्पीड़न की पराकाष्ठा करता है| सलमान खुर्शीद ने कहा कि वह चाहते हैं कि आने वाले चुनावों में सभी विपक्षी दल एक साथ लड़ें| कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के बयान पर सलमान खुर्शीद ने बोल कि उन्होंने वहां जो भी कहा, वह ठीक बोला है| इसमें देश का कोई अपमान नहीं है| अमेरिका में जाकर मोदी जी ने अबकी बार ट्रंप सरकार बोला था, क्या यह सही था, इस पर भी चर्चा होनी चाहिए|
कई राज्यों में चलेगी भारत जोड़ो यात्रा
पूर्व विदेश मंत्री नें कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का विस्तार किया जायेगा| यात्रा कई राज्यों में चलेगी| जिससे पार्टी को मजबूती मिलेगी|