नही रहे नेता जी, 82 साल की उम्र में मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस

FARRUKHABAD NEWS

गुरुग्राम: समाजवादी पार्टी के संस्थापक, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे 82 वर्ष के थे। मुलायम सिंह यादव पिछले दिनों से बीमार चल रहे थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। मुलायम किडनी इंफेक्शन से जूझ रहे थे। जानकारी के मुताबिक, बीती रात उनका ऑक्सीजन लेवल कम हो गया था। अस्पताल में भर्ती करवाए जाने के बाद से Mulayam Singh की अच्छी सेहत के लिए प्रार्थनाएं की जा रही थीं। सभी दलों के नेता नेताजी के स्वास्थ्य का हाल जान रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अखिलेश यादव से फोन पर नेताजी की सेहत का हाल जाना था। मुलायम सिंह के निधन की सूचना खुद अखिलेश यादव ने दी। अखिलेश ने ट्वीट किया कि मेरे पिताजी और हम सब के प्यारे नेताजी नहीं रहे। उनका निधन हो गया है।
मुलायम सिंह यादव ने सुबह 8.13 बजे अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने नेताजी के साथ अपनी दो तस्वीरें भी ट्वीट की। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद श्रद्धांजलि का दौर शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी ही नहीं, तमाम दलों के नेता दुख व्यक्त कर रहे हैं। मुलायम सिंह यादव ने अपने सफर की शुरुआत एक शिक्षक के रूप में की थी। फिर वे पहलान बने और फिर राजनीति में आए। लोग मुलायम सिंह के पुराने किस्से याद कर रहे हैं।