बारिश बनी आफत, गलियां लबालब

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) आसमान से बरसने वाली हर बूंद जलभराव में परेशानी खड़ी कर रही है। शहर में हुए जलभराव से पालिका प्रशासन निजात नहीं दिला पा रहा है। बरसात के बाद इसमें इजाफा दर्ज होने से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि पालिका प्रशासन हाथ पर हाथ रखे बैठा है। शहर में जल निकासी की व्यवस्था नहीं है का रटा रटाया जुमला थमाकर इतिश्री कर रहा है। शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश ने समस्या को गहरा दिया है। गलियों में कीचड़ और जलभराव से लोग परेशान हैं।
शुक्रवार को तेज बिजली की गडगडाहट के साथ हुई बारिश ने शहर के तमाम मुहल्लों को टापू में तब्दील कर दिया है। जलभराव की समस्या से निजात पाने के लिए लोग मुंह बाए खड़े हैं जिम्मेदार सुनने को तैयार नहीं हैं। शहर के तलैया फजल इमाम, मदरबाड़ी, इस्माइलगंज सानी, लाल सराय, गंगानगर कालोनी आदि इलाकों में जलभराव और कीचड़ की समस्या खड़ी हो गई है। इस समस्या का पुरसाहाल नहीं है। रुक रुक कर हो रही बारिश ने परेशानी खड़ी कर दी है। जलभराव के दौरान लोगों की मुसीबत बढ़ा दी| लोगों को जलभराव से गुजरना पड़ा| हर बरसात जलभराव को परेशानी में डाल रही है। इसके बाद पालिका प्रशासन के प्रयास सार्थक नहीं हो रहे हैं। अधिशासी अधिकारी रविन्द्र कुमार का कहना है कि जलभराव से निपटने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतिदिन नालों की सफाई करवाई जा रही है।