कानपुर में भीषण हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 26 की मौत

FARRUKHABAD NEWS

कानपुर:शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर साढ़ थानाक्षेत्र के साढ़-गंभीरपुर मार्ग पर पुलिस की अनदेखी ने बड़ा हादसा करा दिया। शनिवार रात करीब आठ बजे 50 यात्रियों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पानी से भरी खंती (सड़क किनारे मिट्टी की खोदाई से बनने वाला गड्ढा या खाई) में पलट गई। हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई और बाकी घायल हैं। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, पीएम मोदी समेत तमाम बड़े नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
क्या हुई थी घटना
साढ़ के कोरथा गांव निवासी राजू निषाद अपने एक वर्षीय बेटे अभी का मुंडन संस्कार कराने के लिए शनिवार को गांव के प्रहलाद निषाद की ट्रैक्टर ट्राली लेकर फतेहपुर होते हुए उन्नाव में बक्सर स्थित चंडिका देवी मंदिर गए थे। उनके साथ रिश्तेदार और गांव के लोग भी थे। इसी दौरान साढ़-गंभीरपुर मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राली खंती में पलटने से 26 लाेगों की मौत हो गई है। हादसे में एक परिवार के मुखिया को छोड़कर छह लोगों की और दूसरे परिवार के तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 12 महिलाएं, नौ बच्चे और पांच किशोरियां हैं। ट्रैक्टर-ट्राली सवार लोग उन्नाव के बक्सर स्थित चंडिका देवी मंदिर से बच्चे का मुंडन कराने के बाद लौट रहे थे। 
नेताओं ने ट्वीट कर संवेदना की व्यक्त
कानपुर हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य राजनेताओं ने घटना पर शोक जताया और अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत कार्य के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के स्वजन को दो-दो लाख व घायलों को 50 हजार रुपये की और प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय राहत कोष से दिवंगतों के स्वजन को दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये मदद की घोषणा की है।
ग्रामीणों के मुताबिक चंडिका देवी मंदिर से लौटते समय ट्रैक्टर ट्राली सवार कुछ पुरुषों ने एक स्थान पर रुककर शराब पी थी। इसमें राजू ने भी शराब पी ली थी। इसके बाद वह तेज रफ्तार से ट्रैक्टर ट्राली दौड़ाने लगा। ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर ट्राली तेज रफ्तार होने के कारण सड़क पर उछल रही थी।
कानपुर में भीषड़ सड़क दुर्घटना में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु से अत्यंत दु:खी व स्तब्ध हूं। पीड़ित परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर पुण्यात्माओं को श्रीचरणों में स्थान व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। प्रदेश सरकार द्वारा पीड़ितों को हर संभव मदद दी जा रही है।– ब्रजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश
यूपी में फतेहपुर चंद्रिका देवी मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली के कानपुर में पलट कर तालाब में गिर जाने से लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर अति दु:खद। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। सरकार उन सभी की यथाशीघ्र समुचित मदद करे।– मायावती, राष्ट्रीय अध्यक्ष बसपा
कानपुर में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दु:खद एवं हृदय विदारक है। पीड़ित परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभु श्रीराम पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान व परिजनों को संबल प्रदान करें। ऊं शान्ति।– भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
अत्यंत दुखद! इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी व्यक्तियों की आत्माओं को ईश्वर शांति प्रदान करें तथा दुखी परिवार जनों को यह महान दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी घायल व्यक्तियों के प्राणों की रक्षा करने की कृपा करें।– नरेश उत्तम पटेल, प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी पार्टी