फर्रुखाबाद में तैनात महिला दारोगा के साथ बेटी व मां को उन्नाव में चाकुओं से गोदा

FARRUKHABAD NEWS

उन्नाव: सदर क्षेत्र के जुराखनखेड़ा में रहने वाली फर्रुखाबाद की पूर्व महिला थाना प्रभारी, उनकी वृद्ध मां व बेटी को पड़ोसी ने चाकू से गोद दिया। गंभीर हालत में सभी को जिला अस्पताल से कानपुर एलएलआर अस्पताल रेफर किया गया है। स्वजन ने प्लाट पर कब्जेदारी व गालीगलौज के विरोध में पड़ोसी द्वारा घटना को अंजाम दिए जाने की बात कही है। कोई पुलिस कर्मी घटनास्थल से जिला अस्पताल नहीं पहुंचा। स्वजनों में आक्रोश है।
जुराखनखेड़ा साईं हास्पिटल वाली गली में रहने वालीं दारोगा उपनिरीक्षक प्रतिमा बाजपेई फर्रुखाबाद में महिला थाना प्रभारी थीं। पेट में पथरी के आपरेशन के लिए उन्होंने छुट्टी ली थी। इस पर वहां के कप्तान ने दूसरी महिला को एसओ पद पर पोस्ट कर दिया था। 10 अगस्त को प्रतिमा घर आ गईं और पड़ोस के ही साईं हास्पिटल में आपरेशन कराया। पति के दिवंगत होने से वह अपनी वृद्ध मां विंध्यवासिनी व 14 वर्षीय बेटी संस्कृति के साथ रहती हैं। जिस मकान में वह रहतीं हैं, उसके निर्माण से पूर्व पड़ोसी हरिशंकर तिवारी के मकान में रहने वाला अनुभव शुक्ला खुद का प्लाट बता कब्जा करना चाहता था। प्रतिमा द्वारा मकान बनवा लेने पर वह आए दिन गालीगलौज करता था। प्रतिमा के अनुसार शनिवार को भी वह गालीगलौज कर रहा था। जब उसे समझाने का प्रयास किया तो पहली बार में वह चला गया। बाद में चाकू लेकर घर से आया और पेट, कंधे, सीने और हाथ में कई वार कर दिए। प्रतिमा का शोर सुन वृद्ध मां विंध्यवासिनी व बेटी संस्कृति बचाने दौड़ीं तो उनके शरीर पर भी चाकू से कई वारकर लहूलुहान कर दिया। जब तक अन्य लोग इकट्ठा होते, आरोपित अनुभव भाग निकला। गंभीर हालत में तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर तीनों को एलएलआर कानपुर रेफर कर दिया गया।
ढाई घंटे बाद जिला अस्पताल पहुंची पुलिस : सदर क्षेत्र में इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी ढाई घंटे कोतवाली पुलिस को भनक नहीं लगी। एसपी दिनेश त्रिपाठी द्वारा जानकारी देने के बाद कोतवाल राजेश पाठक जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के बयान दर्ज किए। आपरेशन के बाद चाकू से घायल मां को देख बेटी संस्कृति के आंसू बंद नहीं हुए। पुलिस ने मां के जल्द ठीक होने का भरोसा देकर उसे ढांढस बंधाया।
आरोपित की गिरफ्तारी को दो टीमें गठित : एसपी
एसपी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस की एक टीम घायलों के साथ कानपुर भेजी गई है। सभी के समुचित इलाज की व्यवस्था कराई गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। कोतवाल राजेश पाठक को शीघ्र गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया गया है।