अतिक्रमण हटानें के नाम पर चौथी बार भी केबल पैमाइश

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) कस्बे का अतिक्रमण नही बीरबल की खिचड़ी हो गया है| जिसका विधि-विधान बन ही नही पा रहा है| पूर्व में हुई पैमाइश के बाद भी अतिक्रमण नही हटाया जा सका| अब शनिवार को फिर शासन के आदेश पर पैमाइश करायी गयी| इस बार क्या अतिक्रमण हटेगा इसका जबाब दमदारी से कोई देनें को राजी नही|
दरअसल राजेपुर कस्बे में पीडब्लूडी के द्वारा विभाग की भूमि पर कब्जा कर बनाये गये भवन व दुकान के अतिक्रमण कारी 118 लोगों को बीते 22 जुलाई 2021 को नोटिस जारी किये गये थे| जिससे यह साफ हो गया था की विभाग की भूमि पर अतिक्रमण है| लिहाजा उसके बाद से नाप ही होती चली आ रही है| अधिकारी केबल फीता डालकर वापस हो जाते है| यह किसी तरह की पैमाइश है जो चार बार के बाद भी पूरी नही हो पा रही ?
पता चला की एक बार फिर शासन से कार्यवाही के लिए पत्र आया है| जिसके बाद लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अंकित कुमार व लेखपाल श्याम बाबू ने पैमाइश कस्बे में की| लेकिन कोई उच्चाधिकारी नजर नही आया| पुन: पैमाइश होनें से भी हड़कम्प मचा है| राजेपुर कस्बे से निविया चौराहे तक 86 मीटर की पैमाइश की गयी है| अब पैमाइश के बाद बुलडोजर कब आयेगा यह बतानें से जिम्मेदार कतराते दिखे| अवर अभियंता ने बताया कि जल्द अतिक्रमण हटाया जायेगा|