हुनर से अगरबत्ती बना बदली जिंदगी की महक

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गांव की वे महिलाएं हैं, जो एक साल पहले तक भले ही बेरोजगार थीं, लेकिन अब उनके हाथों में हुनर है। वह जरूरी खर्च के लिए अब परिवार के पुरुष सदस्यों पर निर्भर नहीं हैं। ग्रामीण कहते हैं कि गांव में अब नारी सशक्तीकरण तेजी से हो रहा है। सीडीओ के सामने समूह की महिलाओं ने अगरवत्ती व धूपबत्ती बनाकर दिखायी तो वह दंग रह गयीं| उन्होंने सभी की हौसलाअफजाई की|
मुख्य विकास अधिकारी एम अरुन्मोली ने नाबार्ड द्वारा सहायता प्राप्त शांति महिला स्वयं सहायता समूह ग्राम पंचायत गनीपुर जोगपुर व ग्राम नगला नगला सिंह में समूह की दुकान का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। समूह द्वारा अगरबत्ती एवं धूपबत्ती का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही ग्राम हीरा नगला सिंह में शान्ति महिला स्वयं सहायता समूह, राम जी महिला स्वयं सहायता समूह ग्राम चांदपुर, श्याम महिला स्वयं सहायता समूह ग्राम चांदपुर, महालक्ष्मी महिला स्वयं सहायता समूह ग्राम वेग एवं गायत्री महिला स्वयं सहायता समूह ग्राम समैचीपुर के साथ बैठक का आयोजन किया गया। समूह की महिलाओं द्वारा धूपबत्ती बनाकर दिखायी गयी। समूह की महिलाओं द्वारा हीरा नगला सिंह में मशरूम की खेती भी की जा रही है।