यूपी में टीईटी अभ्यर्थी तीन दिन रोडबेज में मुफ्त कर सकेंगे सफर

EDUCATION NEWS LUCKNOW

लखनऊ: 23 जनवरी रविवार को होने वाली टीईटी की परीक्षा के लिए परिवहन निगम प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। एडमिट कार्ड दिखाकर परीक्षार्थी रोडवेज सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। शुक्रवार यानी 21 की देर रात 12 बजे से 23 की रात 12 बजे तक परीक्षार्थियों को यह सेवाएं निश्शुल्क उपलब्ध होंगी। प्रदेश के सभी बस स्टेशनों से यह व्यवस्था की गई है। राजधानी लखनऊ के सभी बस स्टेशनों से परीक्षार्थियों को यह सेवाएं मिलेंगी। यही नहीं शहर में आवागमन के लिए नगर बस सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।
रोडवेज मुख्यालय में बनाया गया कंट्रोल रूमः रोडवेज बस सेवाओं के नियंत्रण और जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए परिवहन निगम प्रशासन टिहरी कोठी स्थित मुख्यालय में कंट्रोल रूम बनाने जा रहा है। आज रात से कंट्रोल रूम शुरू हो जाएगा। इसके लिए मुख्यालय में कर्मचारियाें की तैनाती कर दी गई है।
नगर बसों के लिए चारों बस स्टेशन पर बनाई गई हेल्प डेस्कः नगर बस के प्रबंध निदेशक पल्लव बोस ने बताया कि आने वाले परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की दिक्कतें न होने पाएं, इसे लेकर चारों बस अड्डे अवध कमता, कैसरबाग, चारबाग और आलमबाग बस टर्मिनल पर हेल्प डेस्क बनाई जा रही है। शनिवार सुबह से यह चालू हो जाएगी। सिटी बस सेवाएं भी निश्शुल्क होंगी। 22 और 23 को नगर बसें निश्शुल्क चलाई जाएंगी।
परिवहन निगम प्रदेश के सभी बस स्टेशनों से बसों का संचालन 21 की रात 12 बजे से 23 की रात 12 बजे तक परीक्षार्थियों को रोडवेज की निश्शुल्क सेवाएं मिलेंगी। निश्शुल्क सेवाओं के लिए परीक्षार्थी को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक आरपी सिंह ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। परीक्षार्थियों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। -अनग मिश्र, प्रधान प्रबंधक उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम