पाल-गोपाल को एक करेगी सपा संदेश यात्रा

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हुए कानपुर देहात से पूर्व सांसद राजाराम पाल ने भाजपा सरकार व कांग्रेस पर करारे प्रहार किए। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब केवल गांधी परिवार तक ही सीमित रह गई है। भाजपा का विजय रथ रोकने में केवल समाजवादी पार्टी ही सक्षम है।
आवास विकास स्थित सपा के जिला कार्यालय पर पूर्व सांसद नें कहा कि कानपुर मंडल के जनपदों में समाजवादी संदेश यात्रा लेकर आए पूर्व सांसद राजाराम पाल ने कहा कि अभी तक सपा को केवल यादवों की पार्टी कहा जाता था, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मंशा है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी लोकतंत्र में बराबर की हिस्सेदारी मिले। सपा में वह पाल-गोपाल को एक करने के लिए आए हैं। समाजवादी पार्टी ही पिछड़ों व अनुसूचित जाति के लोगों को सम्मान दिलाएगी। सपा अब जात से जमात की ओर बढ़ रही है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि सपा में पाल समाज को बराबर की हिस्सेदारी मिलेगी। अन्य दलों के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में कोई फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष ही लेंगे। सपा जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुखी, जिला महासचिव मंदीप यादव, वरिष्ठ सपा नेता महेंद्र सिंह कटियार, सर्वेश अम्बेडकर, डॉ० जितेन्द्र यादव, पूर्व व्लाक प्रमुख राशिद जमाल सिद्दीकी आदि रहे|