धनतेरस कल, गुलजार हुआ बर्तन बाजार

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE सामाजिक

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) आज धनतेरस पर्व मनाया जाएगा। ऐसे में बर्तन बाजार में खनक बढ़ गई है। बर्तन की दुकानों में भीड़ उमड़ने लगी है। त्योहार के साथ लगन का सीजन इस कारोबार की खनक बढ़ा रहा है। बर्तन व्यापारियों की मानें तो तीन साल बाद बर्तन की खरीदारी में तेजी आई है। स्टील, तांबा, पीतल और नान स्टिक बर्तनों की खरीद खूब हो रही है। इस बार महिलाओं की पहली पसंद गोल्ड प्लेट डिनर सेट, मल्टीपल कड़ाही, इंपोर्टेड डिनर सेट और नान स्टीक बर्तन बनी हुई है। नगों से सजे कलश बर्तन भी ग्राहकों को लुभा रहे हैं।
शहर के लोहाई रोड़ पर धनतेरस पर बर्तन बाजार में रौनक देखने लायक है| दुकानदारों नें सड़क तक दुकानें सजा दी हैं| वहीं फतेहगढ़ मुख्य बाजार व भोलेपुर में भी बर्तनों की दुकानें सजी हैं| बर्तन व्यापारियों का कहना है कि इस बार दिवाली पर बर्तनों पर छूट नहीं है। कोरोना संक्रमण ने बर्तन व्यापार पर भी असर डाला था। अब उन्हें उम्मीद है कि इस वर्ष पहले की कसर पूरी हो जाएगी। इसके अलावा चांदी व पीतल की बनी गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की भी डिमांड बढ़ रही है। लोग तांबे का पेंट चढ़ा एल्युमीनियम निर्मित गणेश-लक्ष्मी की भी छोटी-छोटी प्रतिमाएं भी पसंद कर रहे हैं। पूजा पाठ में इस्तेमाल होने वाली कटोरी, दीया, गणेश-लक्ष्मी का सिंहासन आदि की बिक्री खूब हो रही है। बाजार में स्टील, तांबा, पीतल के बर्तनों का स्टाक भारी मात्रा में है। उपहार में देने वाले बर्तन कम कीमत पर उपलब्ध हैं।
25 से 30 प्रतिशत बढ़े दाम
बर्तनों के दाम में इस वर्ष तेजी से इजाफा हुआ है। पिछले साल की तुलना में इस बार बर्तन 25 से 30 प्रतिशत महंगे हुए हैं। महंगाई का यह असर स्टील से लेकर पीतल और तांबा हर तरह के बर्तन पर है। तांबे के बर्तन सबसे अधिक महंगे हुए हैं। हालांकि, इसके बाद भी ग्राहकों में खरीदारी को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।
पूजा वाले सिक्कों की हो रही बुकिग
धनतेरस और दीपावली पर मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए लोग उनका पूजन करते हैं। पूजन करने के लिए लोग सोने-चांदी के सिक्कों का इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा लोग सिक्के गिफ्ट में भी देते हैं। इसके लिए चांदी के सिक्कों और चांदी के नोट प्रिट की जमकर खरीदारी हो रही है।
करोड़ों का होगा व्यापार
धनतेरस पर खरीदारी करना शुभ माना जाता है। लोग इस दिन बर्तन, सोना, चांदी, झाड़ू, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति आदि सामान की खरीदारी करते हैं। इस वर्ष कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम हो गया है। ऐसे में इस वर्ष करोड़ों का व्यापार होने की व्यापारी उम्मीद जता रहे हैं। व्यापारियों ने भी इसे देखते हुए पहले से ही तैयारी कर ली थी।
सेहत के हिसाब से बर्तनों का चयन
धनतेरस के पहले ही बर्तन बाजार में ग्राहकी तेज हो गई है। लोग अपनी जरूरत और पंसद के हिसाब से बर्तन खरीद रहे हैं। व्यापारियों ने भी ग्राहकों की पंसद के अनुरूप इस बार आकर्षक और नए डिजाइनों में डिनर सेट, वाटर जग, तांबे की बोतल, स्टेनलेस स्टील के बर्तन, पीतल की मूर्तियां, क्राकरी, मिक्सी, मिक्सर ग्राइंडर सहित रसोई से जुड़े एक से बढ़कर एक आयटम उपलब्ध करवा रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि इस बार लोग सेहत के हिसाब से भी बर्तनों का चयन कर रहे हैं। मसलन सेहत को लेकर फ्रिकमंद नान स्टिक बर्तन की मांग ज्यादा कर रहे हैं। इन बर्तनों की खास बात यह है कि इनमें बहुत कम तेल पर भी खाना अच्छे से पक जाता है। इनमें खाना चिपकता नहीं है। फैट भी नहीं बढ़ता। इसके अलावा तांबे, पीतल के बर्तन भी ग्राहक पंसद कर रहे हैं।