धान की फसल पर भी आसमान से बरसी आफत

FARRUKHABAD NEWS कृषि सामाजिक

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) बेमौसम वर्षा से खेतों में धान की फसल गिर गई। मंडियों में बिक्री को रखा धान भीग गया। आलू के साथ ही साथ धान उगानें वाले किसान भी काफी नुकसान में चले गये|
रविवार के साथ ही सोमवार को भी मौसम सुबह खराब हो गया।  हवाओं के साथ अंधेरा छा गया। गरज के साथ वर्षा हुई। करीब आधे घंटे तक वर्षा हुई।  क्षेत्र में धान की फसल खेतों में बिछ गई। कटी फसल पानी में डूब गई।  धान के भीगने से अब उनको पूरी कीमत नहीं मिल पाएगी। इससे उनको आर्थिक नुकसान होगा।  सुबह से ही मूसलाधार हो रही बरसात से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। बरसात से न केवल जनजीवन प्रभावित हुआ है बल्कि किसानों को यह बरसात आफत बनकर बरस रही है। किसानों की धान, उड़द, आलू व लाई, सरसों की फसलें जलमग्न हो गई हैं। धान की जो फसल खेतों में भीग गई हैं, उसका भी दाना काला पड़ जाएगा। सरसों फसल में नुकसान हुआ है। खेतों की मिट्टी की ऊपरी परत कठोर हो जाएगी। इससे अंकुर नहीं फूट पाएगा।
खेत में खड़ा धान खराब हो गया है। सबसे ज्यादा नुकसान कटे हुए धान को हुआ है। बरसात इतनी तेज थी कि खेतों में पानी भर गया।  पिछले कई दिनों से किसान धान की फसल की कटाई कर रहे थे। इसके चलते भारी मात्रा में धान मंडी पहुंच रहा था। किसान भी किसी तरह धान की कटाई करके उन्हें बेचने के लिए लगे हुए थे, लेकिन बीते लगभग दो दिन से अचानक मौसम खराब हो गया और बूंदाबांदी हुई। उस समय किसानों को लगा कि अब मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन सोमबार सुबह से ही फिर से बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके बाद तेज बरसात हुई तो कुछ ही देर में खेतों में पानी भर गया। तेज बरसात होते देख किसान परेशान हो उठे। सोमवार सुबह से हुई बरसात पूरे दिन रुक-रुककर होती रही। हालत यह थी कि खेतों ने भी तालाब का रूप ले लिया था। जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह नें बताया कि जिनका बीमा है उन किसानों के नुकसान का आंकलन कराकर मुआबजा दिलाया जायेगा|