आधी आबादी नें आबकारी अधिकारी कार्यालय घेरा

FARRUKHABAD NEWS

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) विद्यालय के निकट खोले गये शराब ठेके को हटाये जाने की मांग को लेकर कई दर्जन महिलाओं नें आबकारी अधिकारी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया|
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम जनैया सठया निवासी तकरीबन तीन दर्जन महिलाएं जिलाधिकारी कार्यालय पंहुची लेकिन जिलाधिकारी मौके पर नही थे| जिसके बाद बड़ी संख्या में महिलायें जिला आबकारी अधिकारी के कार्यालय आ गयीं| बड़ी संख्या में महिलाओं की भीड़ देखकर कर्मियों के हाथ पैर फूल गये| लेकिन महिलाओं को मौके पर आबकारी अधिकारी राजेश प्रसाद भी नही मिले|
जिस पर उन्हें कुछ देर इंतजार करनें के लिए कह दिया गया| महिलाओं नें बताया कि उनके गाँव के एक प्राइमरी विद्यालय व इंग्लिश मीडियम इस्कूल के निकट ही सरकारी देशी शराब का ठेका है| जिससे बच्चों की शिक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है| आये दिन शराब के नशे में लोग हंगामा करते है| महिलाओं नें ठेका हटाये जाने की मांग कर प्रदर्शन किया| मंजू देवी, लक्ष्मी देवी, कांती देवी, मीरा, शकुंतला, दीपा देवी आदि मौजूद रहीं|
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि ठेका नियमावली के हिसाब से है| इसके बाद भी यदि ग्रामीणों को समस्या है तो जाँच करायी जायेगी|