भाजपा सरकार हटाने को अखिलेश नें चित्रकूट में की प्रार्थना

Politics Politics- Sapaa Politics-BJP UP NEWS

चित्रकूट: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का अब एक ही मिशन है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार को उत्तर प्रदेश के हटाने के अभियान में लगे उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को चित्रकूट में भगवान कामतानाथ से भाजपा की सरकार को हटाने की प्रार्थना की।
चित्रकूट में आज परिक्रमा के बाद समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि हमने आज भगवान से उत्तर प्रदेश से भाजपा की सरकार को हटाने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। चित्रकूट में ही बीते चार वर्ष से विकास का कोई भी काम पूरा नहीं हो पाया है। यह तो भगवान राम की तपोभूमि है। यहां पर बड़ी संख्या में काम अधूरे पड़े हैं।
चित्रकूट में अखिलेश यादव ने दर्शन करने के साथ कहा कि भगवान से प्रार्थना है यह सरकार जाए। अखिलेश ने कहा कि यह पवित्र स्थल है। इस पवित्र स्थल से अगर आवाज जाएगी, तो दूर-दूर तक पहुंचेगी। हम भगवान से प्रार्थना करेंगे कि यह सरकार जाए और जनता से अपील है कि जब भी मौका मिले तो सरकार को हटाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि चित्रकूट में आज जो भी विकास दिख रहा है, वह समाजवादी पार्टी की सरकार के समय का है। चार वर्ष में हवाई पट्टी तक नहीं बन पाई। बिजली के तार तक नहीं ठीक हुए। पूरे प्रदेश में बिजली की कटौती की गई और बिजली के बिल बढ़ा दिए गए। सपा के समय चित्रकूट में पर्यटन के विकास के लिए बड़े विमानों व व्यावसायिक उड़ानों हेतु चित्रकूट की हवाई पट्टी का जो काम शुरू हुआ था, वो भाजपा सरकार में ठप्प पड़ा है। चित्रकूट में रोप-वे का रंग-रोगन तो करा दिया गया पर लक्ष्मण पहाड़ी मंदिर के परिसर और चित्रकूट के कई मार्गों व विकास के अन्य काम उपेक्षित पड़े हैं। भाजपा याद रखे विकास के रंग बहुरंगी और बहुआयामी होते हैं। अब उप्र की जनता कह रही है- भाजपा के चार साल पूरे, लेकिन सारे काम अधूरे।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2022 में हमारी सरकार बनेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ पर करारा प्रहार किया। उत्तर प्रदेश में जंगलराज है। यहां पर तो कानून-व्यवस्था ध्वस्त है और भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा कि बदायूं की घटना बहुत पीड़ादायक है।
चित्रकूट दौरे के दूसरे दिन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कामदगिरि की परिक्रमा लगाई और भगवान कामतानाथ की पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों से भी बात की। शुक्रवार को कोहरे के बीच उनका काफिला लोक निर्माण विभाग के डाक बंगाला से निकला और सीधे कामतानाथ के दरबार पहुंचा। वहां संत मदन गोपाल दास ने पूर्व मुख्यमंत्री को विधिवत भगवान कामतानाथ की पूजा अर्चना कराई। इसके बाद वह समर्थकों के साथ परिक्रमा करने निकल गए। खोही की जलेबी वाली गली में करीब दस मिनट तक रुके और दुकानदारों के साथ बैठकर चाय पी। कामतानाथ प्राचीन द्वार, तृतीय मुखारबिंद, बरहा हनुमान मंदिर, भरत मिलाप समेत कई प्रमुख मंदिरों में दर्शन भी किए।
जिसकी तासीर में जहर, वो कैसी बदलेगी
अखिलेश यादव ने ट्विटर पर लिखा कि बदलने का चाहे करें वो वादा कड़वाहट को मिठास में, पर जिसकी तासीर में जहर है वो चीज कैसे बदलेगी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर शायराना अंदाज में निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने किसान आंदोलन के मद्देनजर सरकार को घेरने की कोशिश की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि जिसकी तासीर में ज़हर है वो चीज कैसे बदलेगी। अखिलेश यादव ने लिखा कि बदलने का चाहे करें वो वादा कड़वाहट को मिठास में, पर जिसकी तासीर में जहर है वो चीज कैसे बदलेगी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष ने कहा था कि भाजपा सरकार की सबसे बड़ी समस्या यह है कि वो अपने को जन-प्रतिनिधि नहीं ‘धन-प्रतिनिधि’ समझती है। धनवानों के लिए किसानों को दांव पर लगा रही है। भाजपा भूल रही है कि वो जिन्हेंं नुकसान पहुंचा रही है, वह संकट से संघर्ष करने वाले देश के वो दो-तिहाई लोग हैं, जो कभी हार नहीं मानते।