कार्यकर्ताओं का अपमान करने वाले अधिकारियों को हटना पड़ेगा: स्वतंत्र देव

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics-BJP

गोरखपुर: भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, इसमें वंशवाद की कोई जगह नहीं है। इस बार का चुनाव संगठन के बल पर लडऩा है, इसलिए संगठन और कार्यकर्ता का विस्तार जरूरी है। इसके लिए संपर्क और सामंजस्य बनाएं। यह बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहीं। वह गोरखपुर भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित गोरखपुर व महराजगंज जिले के मंडल प्रभारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
अफसरों को सुननी पड़ेगी कार्यकर्ताओं की बात
बैठक में पदाधिकारियों ने अफसरों द्वारा कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुने जाने का मामला उठाया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा व अपमान करने वाले अधिकारियों की खैर नहीं है। उन्हें हटना पड़ेगा, लेकिन पैरवी उचित मामले में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 13 दिसंबर को हर पदाधिकारी को बूथ पर रहना है। हर मंडल में दो हजार मतदाता बनाने हैं। फर्जी वोटर का नाम भी कटवाएं। यह तभी संभव होगा जब मंडल प्रभारी सक्रिय रहेंगे। उन्होंने पंचायत चुनाव मजबूती से लडऩे का आह्वान किया। कहा कि मंडल टीम जिस नाम पर सहमति बनाएगी, पंचायत चुनाव वही लड़ेगा। सांसद, विधायक के स्वजन के नाम को तवज्जो न दें। हमें दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आगे बढ़ाना है। भाजपा की मजबूती से ही देश बचेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हमारी मां के समान है, हमें मां का सम्मान बढ़ाना है।
बैठक में यह रहे शामिल
अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने की। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने किया। बैठक में कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डा.सत्येंद्र सिन्हा, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, विश्वजितांशु सिंह आशु, महामंत्री प्रदीप शुक्ला, देवेश श्रीवास्तव, अच्युतानंद शाही, इंद्रमणि उपाध्याय, रमेश गुप्ता, संतराज यादव, राकेश सिंह पहलवान, पूर्व महापौर डा.सत्या पांडेय, शशिकांत सिंह, ब्रजेश कुमार मिश्र, पद्मा गुप्ता, डा.बच्चा पांडेय नवीन, विनय सिंह आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री से की मुलाकात
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने गुरु गोरखनाथ का दर्शन किया। मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हीं के साथ भोजन किया। उनके साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष डा.धर्मेंद्र सिंह व महानगर अध्यक्ष डा.राजेश गुप्ता भी थे। प्रदेश अध्यक्ष ने मंदिर में ही रात्रि विश्राम किया।
संयोगवश हो गई प्रदेश प्रभारी से मुलाकात
भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की एयरपोर्ट पर संक्षिप्त मुलाकात हुई। प्रदेश प्रभारी कुशीनगर से सड़क मार्ग से चलकर एयरपोर्ट पहुंचे, उन्हें दिल्ली जाना था। फ्लाइट लेट होने से वह इंतजार करने लगे। प्रदेश अध्यक्ष की फ्लाइट भी देर से पहुंची। संयोग से दोनों नेताओं की मुलाकात हो गई। क्षेत्रीय अध्यक्ष डा.धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुके देकर दोनों नेताओं का स्वागत किया।