अब खुफिया विभाग गांवों में अवैध लव अफेयर्स पर रखेगा नजर

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन सामाजिक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गांवों के साथ शहर में बढ़ते लव जेहाद तथा दुष्कर्म के मामलों पर सरकार ने अंकुश लगाने का तरीका खोज लिया है। पंचायत चुनाव की तैयारी के बीच में प्रदेश के खुफिया विभाग ने गांवों अवैध लव अफेयर्स की जानकारी एकत्र करना शुरू कर दिया है। जिससे कि लव जेहाद तथा दुष्कर्म के मामलों में अंकुश लग सके। पंचायत चुनाव में विवाद का कारण क्या हो सकता है, इसकी आशंका से कई बिंदुओं पर जानकारी एकत्र कर खुफिया विभाग अपनी तैयारी पुख्ता कर रहा है।
उत्तर प्रदेश के एडीजी (इंटेलिजेंस) एसबी शिरोडकर ने प्रदेश के सभी एसएसपी, एसपी व डीआइजी, आइजी को पत्र जारी किया है। उन्होंने पंचायत चुनावों के मद्देजनर इन सभी से 11 बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। इन 11 इन बिंदुओं में एक बिंदु लव अफेयर्स का भी है। अब एलआईयू के साथ खुफिया विभाग को हर गांव में जारी अवैध लव अफेयर्स के बारे में जानकारी जुटानी होगी। प्रदेश में बीते कई महीने से लव जिहाद के साथ ही अवैध लव अफेयर्स के कारण कई जगह पर कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी थी।
इसी कारण अब उत्तर प्रदेश में इंटेलिजेंस एजेंसियां ऐसे मामलों की तलाश करने के लिए गांव-गांव जा रही हैं। खुफिया विभाग के इस अभियान से माहौल में तल्खी भी होने की संभावना है, लेकिन बड़े बवाल से बचाव के लिए एजेंसियां काफी मुस्तैद हैं। इनका मानना है कि पंचायत चुनावों को देखते हुए इस तरह के अभियान हिंसा और दंगों का कारण न बनें, इसलिए पहले ही एहतियातन कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे स्थिति से बचने के लिए इस तरह की जानकारी राज्य के गांवों से जुटाई जा रही हैं।
उत्तर प्रदेश के एडीजी (इंटेलिजेंस) एसबी शिरोडकर ने पत्र के अनुसार एलआईयू और इंटेलिजेंस को हर गांव में जारी अवैध लव अफेयर्स के बारे में जानकारी जुटानी होगी। आदेश हैं कि ऐसे किसी भी विवाद को लेकर जल्दी जानकारी जुटाई जाए, अगर कोई ऐसा है तो वर्तमान में गांव में क्या स्थिति है और क्या पुलिस ने कोई एक्शन लिया है या नहीं। ऐसी ही अन्य जानकारियां जुटाने को कहा गया है। इंटेलिजेंस विभाग के अधिकारियों का मानना है कि अवैध या फिर एकतरफा प्यार के मामलों में बाद में परिणाम काफी गंभीर हो जाते हैं। इसी कारण इनकी पहले से ही पड़ताल के बाद इनको रोका जा सकता है। इसके साथ खुफिया विभाग ऐसे लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है, जो अचानक से अमीर बन गए है। गांव के जातीय विवाद, भूमि विवाद तथा धार्मिक स्थल विवाद के बारे में भी जानकारी हासिल की जा रही है।