पूर्व पीएम राजीव गाँधी की स्मृति में होगी ऑनलाइन सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics-CONG.

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)मोदी लहर के बाद वोटरों के साथ ही नई पीढ़ी भी कांग्रेस से दूर जा छिटकी है। बंजर नजर आ रही भविष्य की जमीन को सुधारने के लिए कांग्रेस के नीति निर्धारकों ने अब नई पीढ़ी को जोड़ने के लिए नया तरीका अपनाया है। प्रयास है कि सामान्य ज्ञान के बहाने स्कूल-कॉलेज के छात्रों को कांग्रेस शासनकाल में हुए काम पढ़ाए और रटाए जाएं और फिर प्रतियोगिता में यही जवाब देने वाले विजेताओं को पुरस्कृत किया जाए। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की स्मृति में कांग्रेस द्वारा इस बार भी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। इस बार यह प्रतियोगिता ऑनलाइन करवाई जाएगी। इसका विषय भारत की सशक्तिकरण की यात्रा रहेगा, जिसमें 16 से 22 वर्ष तक के युवा भाग ले सकते हैं।
फतेहगढ़ के भोलेपुर नगला दीना स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय पर युवा कांग्रेस नें एक बैठक का आयोजन किया| जिसमे युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शुभम तिवारी नें पदाधिकारियों को द्वितीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के लिए जिम्मेदारी सौपीं| जिलाध्यक्ष नें कहा कि बताया कि प्रतियोगिता जिला स्तरीय होगी। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार के रूप में लैपटॉप, मोबाइल व टैबलेट दिए जाएंगे। इसके अलावा अन्य आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रतियोगी खुद अपने मोबाइल से पंजीकरण कर सकता है| इसको लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि सोशल साइट्स आदि के माध्यम से विद्यालयों से संपर्क स्थापित कर अधिक से अधिक पंजीकरण करवाएं। प्रतियोगिता में प० जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और यूपीए सरकार में दो बार प्रधानमंत्री रहे डॉ.मनमोहन सिंह के कार्यकाल में क्या बड़े फैसले हुए। इसके सम्बन्ध में प्रश्न होंगे|
इस दौरान बैठक में उपाध्यक्ष वरुण त्रिपाठी, खालिद, इमरान अंसारी, अर्जुन शर्मा, सत्यप्रकाश, मो० शाकिब, विकास अग्निहोत्री आदि रहे|