पूर्व मंत्री चिन्मयानंद के खिलाफ विरोध मार्च की अनुमति ना मिलने से कांग्रेस बोली “कश्मीर नहीं है यूपी”

FARRUKHABAD NEWS Politics-BJP Politics-CONG. सामाजिक

शाहजहांपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद और उनके ऊपर आरोप लगाने वाली छात्रा की सोमवार को जमानत पर सुनवाई से पहले शाहजहांपुर में माहौल बेहद गरम हो गया। कांग्रेस के नेता छात्रा को न्याय दिलाने की खातिर शाहजहांपुर से लखनऊ तक पदयात्रा निकालने की खातिर शाहजहांपुर में एकत्र होने की तैयारी में लगे थे, लेकिन शाहजहांपुर जिला व पुलिस प्रशासन ने इनको रोक दिया। सांकेतिक रूप में बड़े नेताओं को हिरासत में लिया गया जबकि बार्डर पर शहर में आने के प्रयास में लगे कांग्रेस के नेताओं को वापस लौटा दिया।
चिन्मयानंद के खिलाफ विरोध मार्च की इजाजत न मिलने पर कांग्रेस ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर भड़ास निकाली। कांग्रेस ने कहा कि उत्तर प्रदेश को भी कश्मीर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यहां पर सरकार के विरोध में बोलने की किसी को भी इजाजत नहीं है।
चिन्मयानंद के खिलाफ कांग्रेस के नेताओं को शाहजहांपुर से लखनऊ तक विरोध मार्च निकालने की इजाजत न मिलने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का यह तानाशाहीपूर्ण रवैया समझ से परे हैं। जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रदेश सरकार उनके संवैधानिक अधिकार को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश है  फिर भी उन्हें यहां न्याय पद यात्रा निकालने की इजाजत नहीं मिल रही है। उनको शायद यह मालूम नहीं है कि यह उत्तर प्रदेश है, कश्मीर नहीं है। जिला प्रशासन ने शाहजहांपुर में जितिन प्रसाद के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया। जितिन प्रसाद ने कहा कि उन्हें नजरबंद कर लिया गया है और उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जितिन प्रसाद ने अपने घर से एक वीडियो भी ट्विटर पर पोस्ट किया है। कांग्रेस कार्यालय के बाहर भी पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।
शाहजहांपुर में कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय कुमार लल्लू के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री को नजरबंद किया गया जबकि कांग्रेस के दफ्तर जाने वाली सड़क को सील कर दिया गया। एसडीएम सदर तथा पुलिस की टीम प्रसाद भवन पर पहुंची। पदयात्रा निकालने पर अड़ी कांग्रेस के विधायक दल के नेता अजय कुमार लल्लू के साथ अन्य नेताओं को होटल में नजरबंद किया गया। इसके साथ कांग्रेस कार्यालय जाने वाले रास्ते को बैरिकेडिंग लगाकर सील कर दिया गया है। कांग्रेस नेता अजय लल्लू, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर समेत कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाया गया।
प्रियंका गांधी ने भी बोला हमला
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों को सरकार का संरक्षण है कि वो बलात्कार से पीडि़त लड़की को डरा-धमका सकें। भाजपा सरकार शाहजहांपुर की बेटी के लिए न्याय मांगने की आवाज को दबाना चाहती है। यहां पर कांग्रेस की पदयात्रा रोकी जा रही है।
उप्र में अपराधियों को सरकार का सरंक्षण है कि वो बलात्कार से पीड़ित लड़की को डरा-धमका सकें। लेकिन, उप्र भाजपा सरकार शाहजहांपुर की बेटी के लिए न्याय माँगने की आवाज को दबाना चाहती है। पदयात्रा रोकी जा रही है। हमारे कार्यकर्ताओं नेताओं को गिरफ़्तार किया जा रहा है। डर किस बात का है?
हमारे कार्यकर्ताओं नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। उनसे सरकार को डर किस बात का है। शाहजहांपुर से बाहर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने प्रमुख स्थानों पर फोर्स लगा रखा है।  शाहजहांपुर के रामचंद्र मिशन के हरदोई चौराहा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिसकर्मी मौजूद है।
स्वामी चिन्मयानन्द मामले में प्रदेश कांग्रेस सोमवार को शाहजहांपुर से लखनऊ तक पदयात्रा शुरू करने वाली थी। कांग्रेस की यह यात्रा पीडि़त छात्रा को इंसाफ दिलाने के लिए आयोजित की जा रही थी।