फर्रुखाबाद में प्रमुख सचिव, डीएम, सीडीओ और विधायक ने 25 लाख पौधे लगाने का किया शुभारम्भ

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन

फर्रुखाबाद: देश भर में बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत जनपद में 25 लाख पेड़ लगाने का शुभारम्भ किया गया| प्रमुख सचिव ग्राम विकास अनुराग श्रीवास्तव ने अमृतपुर गाँव में बेल का पेड़ लगाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया| इस मौके पर स्थानीय विधायक सुशील शाक्य, जिलाधिकारी मोनिका रानी, सीडीओ राजेंद्र पेंसिया, एसडीम ने भी पौधे लगाये| कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया|
जनपद की तहसील अमृतपुर के ग्राम बलीपट्टी में गंगा किनारे वृक्षारोपण का शुभारम्भ किया गया| गंगा की कटरी में कटान रोकने के लिए खास तौर पर बांस लगाया जायेगा| इस मौके पर एक भव्य आयोजन किया गया है| ग्रामीणों को आमंत्रित कर पौधे लगाने के फायदे बताये गए और ग्रामीणों को पौधे भी वितरित किये गए| सरकारी योजना के लाभार्थी कार्यक्रम में खास तौर पर बुलाये गए है| कार्यक्रम का सञ्चालन दीपिका त्रिपाठी ने किया|
पूरे जनपद में 25 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है| इसमें ग्राम विकास विभाग 14 लाख पौधे लगाएगा, 9 लाख पौधे वन विभाग और 2 लाख के लगभग पौधे अन्य विभागों द्वारा लगाने का लक्ष्य रखा गया है| वृक्षारोपण को सफल बनाने के लिए जिला मुख्यालय पर एक कण्ट्रोल रूम खोला गया है जिसमे 26 कर्मचारी लगातार कार्यक्रम पर निगाह रखेंगे| वृक्षारोपण को सफल बनाने के लिए जिले को 14 सुपर जोन में बाँटा गया है| इसके लिए 47 जोनल अफसर, 154 सेक्टर प्रभारी और 600 पीठासीन अधिकारी बनाये गए है|
मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने प्रोग्राम को सफल बनाने के लिए बृहद तैयारी की है| रात दिन एक कर उन्होंने जबरदस्त प्लान तैयार किया है| निचले स्तर पर कामचोरी और फर्जी रिपोर्टिंग न हुई तो वृक्षारोपण का इतिहास बनना तय है| नजर रखने वाली बात ये होगी कि गत वर्षो की भांति कार्यक्रम शासन को सफल रिपोर्टिंग करने के लिए कहीं कागजो पर बृहद वृक्षारोपण न निपट जाए| चूँकि सूत्रों से अभी खबर ये मिली है कि लक्ष्य के सापेक्ष पौधों की उपलब्धता भौतिक रूप से शक के दायरे में है| हालाँकि पौधों की उपलब्धता का शतप्रतिशत  दावा किया जा रहा है|