शादी में दुल्हन के आशिक ने दूल्हे को कैची से गोदकर मौत के घाट उतारा

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE सामाजिक

अयोध्या:  एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक ने विवाह समारोह में पहुंचकर अपनी प्रेमिका के दूल्हे की हत्या कर दी। युवक ने दूल्हे को अकेला पाकर कैंची से गोदकर उसे मौत के घाट उतार दिया। ये दृश्य लोगों के सामने आया तो सभी के होश उड़ गए। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जारी है।
ये है पूरा मामला
मामला कुमारगंज थाना अंतर्गत त‍िंंदौली गांव का है। यहां इनायतनगर थाना क्षेत्र के महुलहरा गांव निवासी सुरेंद्र (21) की बरात रविवार को त‍िंदौली गांव आई थी। बरात की आवभगत के बीच शादी की रस्में पूरी की जा रही थीं। देर रात लावा मांगने की रस्म निभाने की व्यवस्था की जा रही थी कि तभी मंडप के पास बैठे दूल्हे सुरेंद्र को लघुशंका लगी। वह अपने दोस्त के साथ पास ही स्थित खेत चला गया। जहां पहले से ही दुल्हन का आशिक कामाख्या उर्फ लड्डू अपने साथी प‍िंंटू और संदीप उर्फ बिट्टू के साथ मौजूद था। कैंची से सुरेंद्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सुरेंद्र के साथ मौके पर मौजूद युवक ने हमलावरों को रोकने के कोशिश की तो उसपर भी हमला कर दिया। दूल्हे सुरेंद्र को मरणासन्न कर दोनों आरोपी भाग निकले।
शोर सुनकर पहुंचे बराती-घराती
शोर सुनकर मौके पर बराती और घराती पक्ष के लोग आनन-फानन में घायल दूल्हे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंडासा लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कल्लू स‍िंंह की सूचना पर पहुंचे। कुमारगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी।
क्या कहना है पुलिस का ?
सीओ मिल्कीपुर रुचि गुप्ता व सीओ सदर वीरेंद्र विक्रम दबिश देकर आरोपियों को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि मुख्य आरोपी लड्डू विवाहित है। वह युवती से प्रेम करता था। युवती की शादी तय हो जाने के बाद से वह खिन्न चल रहा था। युवती ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था। लड्डू और पिंटू को गिरफ्तार कर लिया गया है। बिट्टू की तलाश की जा रही है।