कच्छा-बनियान गिरोह ने तीन घरों में डकैती डाल, चार को किया मरणासन्न

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद:(कंपिल) बीती रात कच्छा-बनियान गिरोह ने तीन घरों में घुसकर जमकर मारपीट कर दो दम्पत्तियों को मरणासन्न कर लाखो की डकैती डालकर रफूचक्कर हो गये| घटना की सूचना पर रात में ही पुलिस बल ने मौके पर जाकर जाँच पड़ताल की| इसके साथ ही गम्भीर रूप से जख्मी चार को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया|
थाना क्षेत्र के ग्राम रुदायन में बीती रात फतेह सिंह यादव के घर कच्छा-बनियान गिरोह ने हमला बोला| फतेह सिंह अपनी पत्नी सुशीला व पुत्र विनोद व अरविन्द के साथ ही पुत्री रूबी, मिस्ला व प्रीति के साथ छत पर सो रहे थे| तभी अचानक उन्होंने कमरे में रखे बक्से से लाखो के जेबरात व दो हजार रूपये की नकदी लूट ली| लेकिन फतेह सिंह के घर किसी से भी मारपीट नही की|
इसके बाद गिरोह ने टेंट व डीजे संचालक उमेश यादव पुत्र जाहर सिंह के घर हमला बोला| उमेश अपनी पत्नी अनीता व पुत्र अंशुल व पुत्री गौरी व राधिका के साथ घर के बरामदे में लेटे थे| कच्छा-बनियान गिरोह ने उमेश व उसकी पत्नी अनीता के साथ जमकर मारपीट कर दी| जब वह मरणासन्न हो गये तो उन्होंने आराम से घर में डकैती डाली| उन्होंने घर में रखे जेबरात व एक लाख की नकदी लूट ली|
रुदायन के ही विसादखाना व्यापारी अली हसन पुत्र पप्पू अपनी पत्नी फातिमा के साथ नीचे घर में लेटे थे| उनका पुत्र शान मोहम्मद अपनी पत्नी के साथ छत पर बने कमरे में सो रहा था| गिरोह ने पप्पू व उसकी पत्नी फातिमा को लहुलुहान कर दिया नूर घर का जेबरात व नकदी लूट कर फरार हो गये| चीखपुकार सुनकर मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गये| घटना की सूचना मिलने पर एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ कायमगंज अखिलेश राय व थानाध्यक्ष महेन्द्र त्रिपाठी के साथी ही स्वाट टीम कुलदीप दीक्षित आदि मौके पर आ गये| उन्होंने जाँच पड़ताल के बाद घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा|
नगर प्रतिनिधि के अनुसार गम्भीर रूप से जख्मी 36 वर्षीय उमेश यादव उसकी पत्नी 32 वर्षीय अनीता को सुबह 5:35 बजे लोहिया अस्पताल, अली हसन व उसकी पत्नी 32 वर्षीय फातिमा को लोहिया अस्पताल में 4:55 पर भर्ती किया गया| घायलों ने बताया कि कच्छा-बनियान पहने थे व पैर में चप्पल नही थी|
थानाध्यक्ष ने बताया कि जाँच की जा रही है| तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा|