सपा की गाजीपुर से सामाजिक न्याय साइकिल यात्रा आज से

FARRUKHABAD NEWS Politics Politics- Sapaa राष्ट्रीय

लखनऊ:लोकसभा चुनाव 2019 की तैयारी में जोरदार ढंग से जुटी समाजवादी पार्टी साइकिल यात्रा से अपने अभियान को धार देगी। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी की ‘सामाजिक न्याय एवं प्रजातंत्र बचाओ-देश बचाओ’ साइकिल यात्रा आज से गाजीपुर से शुरू होगी। यह यात्रा 23 सितम्बर को दिल्ली में जंतर-मंतर पर समाप्त होगी। साइकिल यात्रा का आयोजन एमएलसी रामवृक्ष सिंह यादव के नेतृत्व में होगा।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आज से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एमएलसी रामवृक्ष सिंह यादव के नेतृत्व में गाजीपुर से सामाजिक न्याय एवं प्रजातंत्र बचाओ-देश बचाओ साइकिल यात्रा की शुरुआत करेंगे। एमएलसी रामवृक्ष सिंह यादव के नेतृत्व में छात्र नेता अभिषेक यादव, पूर्व उपाध्यक्ष इलाहाबाद विश्वविद्यालय आदिल हमजा व उपाध्यक्ष इलाहाबाद विश्वविद्यालय चन्द्रशेखर चौधरी शामिल होंगे। गाजीपुर में समारोह स्थल से साइकिल यात्रा का शुभारम्भ सांसद धर्मेंद्र यादव व नीरज शेखर के साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इन्द्रजीत सरोज, पूर्व सांसद रमाशंकर विद्यार्थी राजभर, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, एमएलसी राजपाल कश्यप व विधायक संग्राम सिंह यादव हरी झंडी दिखाकर करेंगे।
साइकिल यात्रियों का जत्था साइकिल मार्ग के कस्बों व गांव में स्थान-स्थान पर ठहरकर वहां के निवासियों से भेंटकर समाजवादी पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों तथा अखिलेश यादव की समाजवादी सरकार के समय अमल में लाई गईं बड़ी-बड़ी योजनाओं और कार्यों की जानकारी देगा। प्रदेश के विकास कार्यक्रमों की वर्तमान स्थिति का भी आंकलन करेगा। प्रतिदिन साइकिल यात्रा की शुरूआत में सामाजिक न्याय पर चर्चा भी होगी।समाजवादी पार्टी ने भी 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अपनी ताकत झोंक दी है। प्रदेश में भाजपा के खिलाफ बन रहे गठबंधन को लेकर सीटों के बंटवारे और जमीनी दावेदारी पर तो पार्टी गौर कर ही रही है। सड़क पर जनाधार मजबूत करने के लिए पार्टी ने ‘साइकिल से संसद फतेह’ की योजना तैयार की है। इसके तहत रणनीति यह है कि अध्यक्ष अखिलेश यादव हर महीने प्रदेश के विभिन्न जिलों में सैकड़ों किलोमीटर साइकिल अभियान की अगुवाई करेंगे।
वैसे पिछले महीने से ही पार्टी अपनी साइकिल यात्राओं का अभियान शुरू कर चुकी है। पहले चरण में इलाहाबाद से रैली प्रदेश की सपा मुख्यालय तक आ चुकी है। इसके बाद दूसरे चरण में बलिया से लोकतंत्र बचाओ समग्र क्रांति साइकिल यात्रा भी लखनऊ पहुंच चुकी है।