होली का नेग ना देने पर दरोगा ने टेम्पों चालक को पीटा

FARRUKHABAD NEWS जिला प्रशासन सामाजिक

फर्रुखाबाद:(कमालगंज) जिले की खाकी बदमाश पर अपना खौफ बनाने की जगह आम आदमी पर वर्दी का रौब दिखाकर उसके साथ बर्बरता का व्यवहार कर रही है| लेकिन पुलिस के आला अधिकारियों पर इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता | शुक्रवार को फिर दबंग दरोगा ने होली का नेग ना देने पर टैक्सी चालक को जमकर धुनाई कर दी| जिससे वह जख्मी हो गया|
थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी चालक सोनल कुमार पुत्र भगवान दास ने बताया कि वह 3 साल से कमालगंज से लेकर फतेहगढ़ तक टैक्सी चला रहा है| 23 फरवरी को दोपहर 12 बजे वह अपनी टैक्सी पर सवारियां बैठा रहा था| कि नगर इंचार्ज अनिल कुमार भदौरिया आ गये और मेरे कागजात चेक किये| टेंपो चालक ने आरोप लगाया कि कागज पूरे होने के बाद भी दरोगा अनिल भदौरिया ने होली के त्योहार पर 500 रूपये देने की बात कही| जब टेंपो चालक ने रुपए देने में आनाकानी की तो दरोगा ने डंडे से टेंपो चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी|
जिससे टेंपो चालक को कई जगह गंभीर चोट आई| आसपास के लोगों ने दरोगा को अलग किया| पीड़ित घटना की तहरीर देने एसपी के कार्यालय पर गया लेकिन उनके ना मिलने पर वह वापस लौट आया| पीड़ित ने शुक्रवार शाम को एसपी के आवास पर भेंट कर शिकायत करने की बात कही है| इस संबंध में पूछे जाने पर जिले के प्रभारी मंत्री चेतन चौहान ने कहा कि उन्हें इस संबंध में अभी जानकारी नहीं है जानकारी की जायेगी|