कोहरे ने थामी रफ्तार, सुबह बढ़ी ठिठुरन

FARRUKHABAD NEWS सामाजिक

फर्रुखाबाद : बुधवार सुबह पड़ने वाले कोहरे से आम जन जीवन ठप हो गया। कोहरे ने वाहनों की रफ्तार थाम दी। सड़क से लेकर रेलवे ट्रेक तक रफ्तार चंद किमी प्रति घंटा तक सिमटी हुई नजर आई। हाईवे पर चंद किमी तक की दृश्यता ने कई स्थानों पर वाहनों को रेंगने पर मजबूर कर दिया। इधर कोहरे के चलते आम जनजीवन खासा प्रभावित रहा।
बुधवार का सवेरा कोहरे के साथ हुआ। सर्द हवाओं ने रात में ही सर्द सुबह का अहसास करा दिया था, लेकिन कुछ दिन से खुले मौसम को देखने के बाद कोहरे की उम्मीद नहीं थी, लेकिन सुबह के वक्त लोग उठे तो घना कोहरा छाया नजर आया। हाईवे पर कुछ दूरी पर भी दिखाई नहीं दे रहा था। घना कोहरा एवं सर्द मौसम को देख बुजुर्ग एवं बच्चे रजाइयों में सिमटे रहे। सुबह दस बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते लोगों का सफर भी लंबा हो गया।
पशु-पक्षी भी रहे बेहाल
सुबह पड़ने वाली सर्दी से पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आए। नुक्कड़ों पर जलने वाले अलाव के निकट लोगों के साथ में पशु भी खड़े हुए नजर आए। वहीं गांवों में भी मौसम को देख लोगों ने पशुओं के बाड़े में अलाव जलाकर पशुओं की सर्दी से हिफाजत करने का प्रयास किया।
धूप से मिली कुछ राहत
10 बजे धूप खिली तो लोगों को भी राहत मिली। सुबह कोहरे को देख कपड़े धोने का प्लान बदलने वाली महिलाओं ने भी यह सोचकर धूप खिलने पर कपड़े धोए कि पता नहीं गुरुवार को ये धूप खिलेगी या नहीं।