पूर्व प्रधान, फौजी व सर्राफ सहित 7 घरों के टूटे ताले

CRIME FARRUKHABAD NEWS POLICE

फर्रुखाबाद: (जहानगंज) थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी पूर्व प्रधान लालाराम, सर्राफ अवनीश कुमार कटियार व फौजी आशुतोष, अनुज पुत्र आदित्य कुमार दुबे सहित 7 घरों के ताले बीती रात चोरों ने तोड़कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। चोर फौजी के घर से 25 कारतूस व बंदूक की बट भी चोरी कर ले गये।

नेवी में तैनात आशुतोष व फौज में तैनात उसके भाई अनुज पुत्र आदित्य कुमार दुबे के घर बीती रात चोरों ने धाबा बोला। आशुतोष के पिता आदित्य व मां प्रेमकांता दुबे एक घर में सो रहे थे। चोरों ने उनके दूसरे मकान का ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गये। अंदर घुसकर चोरों ने जमकर ताण्डव किया। बक्सा, अलमारी आदि को तोड़ा। चोर आशुतोष के घर से दोनालू बंदूक का बट चोरी कर ले गये। इसके साथ में 25 कारतूस व दो खोखा भी चोरी कर ले गये। वहीं पूर्व प्रधान लालाराम पुत्र गेंदनलाल के दरबाजे का ताला तोड़ा लेकिन चोरी करने में कामयाब नहीं हो सके। इसके साथ ही साथ राधेश्याम पुत्र बच्चनलाल के घर का ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सर्राफा व्यापारी अश्वनी कुमार कटियार के घर के निकट गोदाम का ताला चोरों ने तोड़ा। चोर उनकी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गये। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुट गयी है। वहीं विनोद कटियार, संदीप पुत्र हरिश्याम व मलिखान के घरों के भी ताले तोड़े गये। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जहानगंज थानाध्यक्ष ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आये हैं। जांच की जा रही है। जांच के बाद जल्द ही खुलासा किया जायेगा।