महिला को घूरना अपराध पर देखना सौंदर्य का सम्मान : केसी त्यागी

Uncategorized

kc tyagiलखनऊ: जनता दल यू के प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद केसी त्यागी कल महिलाओं को लेकर विवादित बयान देकर चर्चा में हैं। हापुड़ के रामा विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि महिलाओं को घूरना अपराध है, लेकिन उन्हें देखना सौंदर्य का सम्मान है। उनके इस बयान के बाद से महिला महिलाएं आगबबूला हैं। महिलाओं की तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है।

हापुड़ में कल पिलखुवा के रामा विश्वविद्यालय में शिक्षकों के सम्मान में आयोजित एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं। यहां अपने भाषण में राज्यसभा सांसद केसी त्यागी ने कहा कि महिलाओं को घूरना अपराध है, लेकिन उन्हें देखना सौंदर्य का सम्मान है। देश के प्राचीन कवियों ने भी महिलाओं के सौंदर्य का वर्णन किया है। उन्होंने कहा कि संसद भवन में फिल्म अदाकारा और सांसद उनके पीछे बैठती हैं, जिन्हें वह अक्सर देखते रहते हैं। उनके इस बयान पर पहले तो किसी ने खास तवज्जो नहीं दी, लेकिन जैसे जैसे चर्चा बढ़ी तो हंगामा शुरू हो गया। लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी।

भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लज्ज रानी गर्ग ने कहा कि यह बयान त्यागी और उनके दल की मानसिकता को दर्शाता है। देश में प्राचीन काल से ही महिलाओं को मां के रूप में देखा गया है। मां के शरीर की सुंदरता नहीं देखी जाती, बल्कि उसका स्नेह देखा जाता है। इस मामले में महिला आयोग और कानून को अपना काम करना चाहिये। वहीं प्रदेश महिला आयोग की सदस्य राज देवी चौधरी का कहना है कि केसी त्यागी ने क्या कहा, इसके बारे में अभी उन्हें कुछ पता नहीं है, लेकिन महिलाओं का सम्मान किसी भी स्तर पर कम नहीं होना चाहिए।इस बाबत केसी त्यागी ने कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा है। कुछ लोग उनके बयान का गलत अर्थ निकालकर मुद्दा बना रहे हैं।