दो बीघा के चक्कर में दो पक्षों में चली गोलियां

Uncategorized

GOLI 1फर्रुखाबाद:(कंपिल) दो बीघा जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में सोमबार को गांव बख्ती नगला निवासी पुष्पेन्द्र व गांव गढि़या निवासी मसूद के बीच जमकर असलहे तन गये| दोनों तरफ से ही फायरिंग की गयी| पुलिस जाँच में जुटी है|

बीते रविवार को पुष्पेन्द्र विवादित भूमि पर बोई गई सरसों की फसल को काटकर घर ले आये। सोमवार को पुष्पेन्द्र खेतों की ओर गये तभी मसूद के बटाईदार बख्ती नगला निवासी राकेश से उनका आमना सामना हो गया। दोनों के बीच फसल काट लेने को लेकर विवाद होने लगा। दोनों पक्षों के लोग असलहे लेकर मौके पर पहुंच गये, जिससे हंगामा हो गया। दोनों तरफ से एक दूसरे को देख लेने की धमकियों के साथ गोलियां चलने लगी। करीब डेढ़ दर्जन फायर हुए। गांव में भगदड़ मच गयी। पुष्पेन्द्र ने घटना की सूचना थाने जाकर दी। पुष्पेन्द्र ने पुलिस को बताया कि उनकी 10 बीघा पट्टे की भूमि है। इस पर गढि़या निवासी मसूद कब्जा किये हुए हैं। गांव के ही राकेश आदि से उनकी रंजिश है।

उन्होंने पट्टे की पैमाइश के लिए कई बार फरियाद की लेकिन राकेश व मसूद ने नापजोख नहीं होने दी। दो बीघा भूमि पर उन्होंने 3 माह पूर्व सरसों की फसल बोई थी। विवाद खड़ा करने के लिए राकेश ने रात में चोरी छिपे ढंग से पानी लगा दिया व फसल को अपना बताने लगे। दूसरी ओर से मसूद ने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि खेत की फसल को पुष्पेन्द्र आदि दबंगई से काटकर अपने घर ले गये।

कंपिल थानाध्यक्ष कुलदीप दीक्षित ने बताया कि फसल काट लेने का विवाद है। फायरिंग की जांच कराकर कार्रवाई की जायेगी।