विश्व कप के संभावितों में युवी, वीरू, गंभीर, भज्जी को जगह नहीं

Uncategorized

मुंबई:बीसीसीआई के चयनकर्ताओं ने अगले वर्ष ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में होने वाले वन-डे विश्व कप के लिए भारतीय टीम के 30 संभावितों में युवराज सिंह, गौतम गंभीर, वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह और जहीर खान को शामिल नहीं किया है।

संदीप पाटिल की अगुआई वाली चयन समिति ने गुरुवार को संभावितों का चयन किया। इसी के साथ इन पांच सीनियर खिलाड़‍ियों के करियर पर एक तरह से विराम लग गया।

उम्मीदों के अनुरुप चयनकर्ताओं ने श्रीलंका के खिलाफ अंतिम दो वन-डे में खेली भारत की 14 सदस्यीय टीम को बरकरार रखा है। इनके अलावा आराम दिए गए महेंद्र सिंह धोनी, ईशांत शर्मा, वरूण एरोन, मोहम्मद शमी, भुवनेश्वर कुमार, शिखर धवन और रवींद्र जडेजा को भी संभावितों में शामिल किया।

वीरेंद्र सहवाग ने अंतिम अंतरराष्ट्रीय वन-डे जनवरी 2013 में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। इस घरू सत्र में भी उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है और दिल्ली का यह बल्लेबाज पिछले 5 मैचों में एक बार भी अर्द्धशतक नहीं बना पाया। गंभीर ने भी अंतिम अंतरराष्ट्रीय वन-डे जनवरी 2013 में पाकिस्तान के खिलाफ खेला था। दिल्ली के इस सलामी बल्लेबाज इस घरू सत्र के 5 मैचों में एक बार 93 रन बनाए जबकि अन्य चार पारियों में वह एक बार भी 23 से ज्यादा रन नहीं बना पाया। हरभजन ने अंतिम अंतरराष्ट्रीय वन-डे जून 2011 में खेला था। पिछले पांच घरू मैचों में उन्होंने 3 विकेट लिए और एक बार अर्द्धशतक बनाया। युवराज ने अंतिम अंतरराष्ट्रीय वन-डे दिसंबर 2013 में खेला था। पिछले पांच घरू मैचों में उन्होंने 4 विकेट लिए एक बार अर्द्धशतक लगाया। जहीर खान ने अंतिम अंतरराष्ट्रीय वन-डे अगस्त 2012 में खेला था। वे चोट की वजह से पिछले काफी समय से परेशान चल रहे थे।

संभावित खिलाड़ी : महेंद्र सिंह धोनी, शिखर धवन, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, रॉबिन उथप्पा, विराट कोहली, सुरेश रैना, अंबाती रायुडू, केदार जाधव, मनोज तिवारी, मनीष पांडे, रिद्धिमान साहा, संजू सैमसन, रविचंद्रन अश्विन, परवेज रसूल, कर्ण शर्मा, ‍अमित मिश्रा, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, ईशांत शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, वरूण एरोन, धवल कुलकर्णी, स्टुअर्ट बिन्नी, मोहित शर्मा, अशोक डिंडा, कुलदीप यादव, मुरली विजय।