इलाहाबाद में मुलायम ने मोदी पर साधा निशाना

Uncategorized

Mulayamइलाहाबाद: परेड ग्राउंड में हो रही समाजवादी पार्टी की ‘देश बचाओ देश बनाओ रैली’ में रविवार को सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विरोधी दलों पर निशाना साधा। ध्यान रहे कि आज ही भाजपा से प्रस्तावित प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की विजय शंखनाद रैली लखनऊ में हो रही है। उत्तर प्रदेश में यह चौथा मौका है जब विजय शंखनाद और देश बचाओ देश बनाओ रैलियों की तारीखें टकराई हैं।

इस मौके पर मुलायम सिंह यादव ने कहा कि विद्वानों के अनुसार गुजरात की नदियां सबसे ज्यादा गंदी हैं। गुजरात की 37 फीसद महिलाएं और 50 फीसद बच्चे कुपोषण के शिकार हैं। गुजरात में नदियां, महिलाओं और बच्चों की सबसे ज्यादा दुर्दशा है।

इलाहाबाद में रैली को संबोधित हुए मुख्यमंत्री एंव सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार आधी आबादी के हित के लिए हर संभव योजना चला रही है। लड़कियों की हिफाजत के लिए 1090 योजना है। लड़कियों की समृिद्ध के लिए कई योजनाएं हैं। हमारी सरकार में पढ़ाई की मुफ्त व्यवस्था है। किसानों के लिए सिंचाई मुफ्त है।

इस रली में सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी में समाजवाजी विचारधारा के लोग महिला हितों के रक्षक हैं। वह उनके हितों की अनदेखी नहीं करते। लैपटाप वितरण, कन्या विद्या धन, अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति आदि योजनाएं उसी का हिस्सा हैं। यही नहीं समाज के हर वर्ग को लाभ देने के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं को गिनाना नहीं भूले। इसी क्रम में उन्होंने बुनकरों को लाभ देने के लिए बरेली में कारखाना लगाने की घोषणा भी की।

रैली में राज भैया समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री पहुंचे। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने एक-एक प्रत्याशी को मंच पर खड़ाकर नाम और पहचान कराकर जनता से सपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की। मुलायम सिंह ने कहा कि मोदी की रैली के मुकाबले सपा की जनसभा विशाल है। सपा की असली शक्ति असली शक्ति है। यह लोग पैदल और साइकिल से चलकर आए हैं।

वह इस मौके पर कुंभ के आयोजन की उपलब्धियां अपने खाते करने में नहीं चूके। मोदी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जब मोदी के मुख्यमंत्री रहते गुजरात में कत्ल-ए-आम हुआ था। मेरे जाने पर जानमाल की सुरक्षा के प्रति हाथ खड़े कर लिए थे लेकिन मैंने ऐसा नहीं किया। इसको लेकर मेरा सीना आज भी चौड़ा है। उन्होंने सवाल उठाया कि मोदी बताए कि गुजरात की नदियां सबसे च्या गंदी क्यों हैं।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के पास उम्मीदवार नहीं है। इसीलिए रामविलास पासवान को सात सीटें देकर अपने साथ खड़ा किया है। कांग्रेस के पास भी उम्मीदवार नहीं हैं। उन्होंने मुसलमानों का विश्वास जीतने की कोशिश की और कहा कि यह विश्वसनीय कौम लगातार समाजवादी पार्टी के साथ हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि सोनिया गांधी को सिर्फ रायबरेली की चिंता है लेकिन सपा की चिंता पूरे देश की है।

अपनी सरकार की तारीफ करते हुए मुलायम ने कहा कि यूपी को 18 मुख्यालयों को बेहतर सड़कों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि लखनऊ से इलाहाबाद तक सबसे बढि़या सड़क बनाई जाए।

रैली को सफल बनाने में जुटी सपा:-समाजवादी पार्टी इलाहाबाद के परेड मैदान में देश बचाओ, देश बनाओ रैली के जरिए अपना शक्ति प्रदर्शन किया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव मंच पर आसीन हैं। इस मौके पर सपा के कई बड़े नेता भी मंच पर मौजूद हैं। पूवरंचल व अवध के 10 जिलों की 11 लोकसभा सीटों पर दावेदारी पुख्ता करने के लिए यह रैली खासी महत्वपूर्ण मानी जा रही।

सपाइयों ने पूरी ताकत झोंक दी:-इस रैली को सफल बनाने के लिए सपाइयों ने पूरी ताकत झोंक दी है। खराब मौसम के बावजूद माघ मेला क्षेत्र स्थित परेड मैदान में सब तैयारियां पूरी होने का दावा किया गया है। जिला प्रशासन व पुलिस ने भी अपनी ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजार करने का दावा किया है। नगर इस दौरान त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेगा। सपा की ओर से रैली में दस जिलों से पांच लाख से अधिक समर्थकों के शामिल होने का दावा किया गया है। इसमें इलाहाबाद, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, जौनपुर, मीरजापुर, अमेठी, सुल्तानपुर एवं भदोही जिले के समर्थक शामिल रहे।