मामा की रेल में भांजे का खेल- रेल मंत्री पवन बंसल का भांजा घूसखोरी में पकड़ा गया

Uncategorized

नई दिल्ली। रेल मंत्री पवन बंसल के भांजे विजय सिंगला को रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। सिंगला पर रेलवे बोर्ड मेंबर महेश कुमार के प्रमोशन के लिए 90 लाख रुपये की घूस लेने का आरोप है। इस मामले में सीबीआई ने महेश कुमार को भी मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। इस घूसकांड में शामिल दो और लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। अभी सीबीआई की पड़ताल जारी है और इस मामले में सीबीआई जल्द कुछ और लोगों को गिरफ्तार कर सकती है।
pawan_bansal
भ्रष्टाचार के आरोपों से पहले ही बुरी तरह घिरी यूपीए सरकार पर ये एक और मुसीबत आन पड़ी है। रेल मंत्री पवन बंसल के भांजे वी सिंगला को सीबीआई ने 90 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सिंगला को संदीप गोयल और मंजूनाथ नाम के दो अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया गया। सिंगला पर रेलवे बोर्ड के सदस्य महेश कुमार से प्रमोशन के लिए घूस लेने का आरोप है। महेश कुमार को एक दिन पहले ही रेलवे बोर्ड का सदस्य बनाया गया था। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक महेश कुमार ने रिश्वत की ये रकम मंजूनाथ के जरिए सिंगला को भेजी थी जबकि संदीप गोयल ने इस सौदे को कराने में मदद की।

[bannergarden id=”8″]
बताया जा रहा है कि महेश कुमार को हाल में ही मेंबर (स्टाफ) के तौर पर प्रमोशन मिला था और वो मेंबर (इलेक्ट्रिकल) का लुभावना पद पाने की कोशिश में लगे थे। इसकी वजह ये थी कि इस विभाग में रेलवे जल्द ही कई सौ करोड़ का टेंडर निकालने वाला था। सीबीआई सूत्रों के मुताबिक महेश कुमार ने जीएम पश्चिम रेलवे रहते हुए अपने प्रमोशन के लिए रेल मंत्री के भांजे को 2 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की थी। आरोपों के मुताबिक इस रकम की पहली किस्त 90 लाख रुपये के तौर पर सिंगला को दे भी दी गई।

CBI ने रेलवे बोर्ड के सदस्य महेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। महेश कुमार को शुक्रवार को दिल्ली से मुंबई आने के तुरंत बाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। सूत्रों की मानें तो CBI को संदिग्ध टेलीफोन कॉल मिली थी जिसके बाद दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य शहरों में छापे मारे गए। इस छापेमारी के बाद घूसकांड के तार पवन बंसल के भतीजे वी सिंगला तक जा पहुंचे। यही नहीं, CBI ने पिछले 15 दिनों से महेश कुमार का फोन सर्विलांस पर डाल रखा था।

[bannergarden id=”11″]
गुप्त अभियान के तहत सीबीआई ने महेश कुमार की गतिविधियों और फोन कॉल पर नजर रखी और घूस लेते समय सिंगला को चंडीगढ़ में दबोच लिया। सीबीआई ने महेश कुमार और वी सिंगला के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम और आईपीसी के तहत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। इसके अलावा संदीप गोयल और मंजूनाथ के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।

सीबीआई इस मामले में अभी ज्यादा कुछ बोलने से बच रही है। लेकिन माना जा रहा है कि इन गिरफ्तारियों से रेलवे के अंदर एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हो सकता है। और मामले में जल्द ही और भी लोग गिरफ्तार हो सकते हैं।