लखनऊ जाने को भाजपा ने बनायी रणनीति, मुन्नूबाबू नदारद

Uncategorized

फर्रुखाबाद: जनक्रांति पार्टी के 21 जनवरी को होने वाले बीजेपी में विलय कार्यक्रम में पहुंचने के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने बढ़पुर स्थित एक गेस्टहाउस में रणनीति बनायी। जिसमें पूर्व सांसद मुन्नूबाबू नहीं दिखे। बैठक में 200 वाहनों से भाजपाई लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे पार्टी जिलाध्यक्ष भूदेव सिंह राजपूत ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता 21 जनवरी को होने वाले जनक्रांति पार्टी के भाजपा में विलय कार्यक्रम में पहुंचने की तैयारी में जुट जायें। उन्होंने कहा कि जनक्रांति पार्टी का भाजपा में विलय भाजपा की पारदर्शिता और संघर्षशीलता का प्रतीक है।

भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक सुशील शाक्य ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ताकत दिनों दिन बढ़ती जा रही है और जनक्रांति पार्टी के बीजेपी में आने पर पार्टी के लिए नये रास्ते खुलेंगे।

मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ता लखनऊ जाने का प्रयास करें। जिससे बीजेपी की ताकत निखर कर सामने आये। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि 21 जनवरी को प्रातः 6 बजे घटियाघाट पुल के निकट सभी कार्यकर्ता निर्धारित वाहनों से इकट्ठे होंगे और एक साथ लखनऊ के लिए रवाना किये जायेंगे। जहां भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के सामने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह अपनी पार्टी का विलय करेंगे। पूर्व चेयरमैन व भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोषाध्यक्ष मिथलेश अग्रवाल ने भी भारी भीड़ लखनऊ पहुंचाने की जिम्मेदारी ली।

पूरे कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के नेता व पूर्व सांसद मुन्नूबाबू नजर नहीं आये। मुन्नूबाबू को अक्सर भारतीय जनता पार्टी की बैठकों में कम देखा जा रहा है। जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पूर्व सांसद के कार्यक्रम में न पहुंचने के विषय में भाजपा जिलाध्यक्ष भूदेव राजपूत ने बताया कि उन्हें कार्यक्रम की सूचना दी गयी थी। वह किसी काम से व्यस्त होने की बजह से नहीं आ पाये। उन्होंने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ इतनी जानकारी है कि वह भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं। कार्यक्रम में प्रांशुदत्त द्विवेदी ने भी शिरकत नहीं की।

इस दौरान मानसिंह पाल, सत्यपाल सिंह, अमर सिंह खटिक, रामभरोसे चक, लालाराम शाक्य, सुरेन्द्र कठेरिया, हिमांशु गुप्ता, दिनेश, सुमन राठौर, ममता सक्सेना, धीरेन्द्र वर्मा, डा0 राजेश्वर सिंह, शैलेन्द्र वर्मा, डी एस राठौर, डा0 मुकेश राठौर आदि भाजपाई मौजूद रहे।