भूमि विवाद में पिता, भाई, भाभी सहित चार को किया लहूलुहान

Uncategorized

फर्रुखाबाद: कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम करथिया में शुक्रवार को भूमि विवाद के चलते पिता सहित चार लोगों को मारपीट कर लहुलुहान कर दिया। पुलिस ने घायलों को लोहिया अस्पताल भिजवाया।

जानकारी के मुताबिक करथिया निवासी आमोद दुबे को उसके एक रिश्तेदार ने गोद ले लिया था। जिसके चलते उस रिश्तेदार की जमीन आमोद के नाम आ गयी। आमोद का भाई प्रमोद कुमार अब आमोद को अपने पिता शिवनाथ दुबे की सम्पत्ति में हिस्सा देने को तैयार नहीं था। जिसको लेकर कई मुकदमे दोनो भाइयों में आपस में चल रहे हैं। भूमि विवाद के चक्कर में दोनो भाइयों में आपसी तालमेल ठीक नहीं चल रहे थे। वहीं प्रमोद अपने पिता शिवनाथ दुबे की जमीन व मकान पर आमोद को हाथ नहीं लगाने दे रहा था। शुक्रवार शाम आमोद अपनी पुत्री अनीशा, पिता शिवनाथ, पत्नी छाया के साथ जानवरों के लिए चारा काट रहा था। चारा मशीन शिवनाथ दुबे के मकान में लगी है। पिता के घर में चारा काटते देख प्रमोद कुमार के साथ उसका पुत्र अरुण, बॉबी, सचिन व पत्नी शीतला आ गयी और आमोद से पिता के घर से चले जाने को कहा। जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। आमोद की 18 वर्षीय पुत्री अनीशा का आरोप है कि उसके ताऊ प्रमोद, पत्नी शीतला व पुत्र अरुण, बॉबी व सचिन ने उसी दौरान लाठी डन्डों से पीटकर सभी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में आमोद कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने घायलों को लोहिया अस्पताल भिजवाया। वहीं पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर आरोपी प्रमोद व उसके पुत्र अरुण को हिरासत में ले लिया।

इस सम्बंध में एसएचओ मोहम्मदाबाद रामसूरत सोनकर ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपियों के विरुद्व मुकदमा दर्ज किया जायेगा।