बाज नहीं आ रहे प्रदूषण से उद्योग, निरीक्षण में चलती मिली फैक्ट्री

Uncategorized

फर्रुखाबाद: बीते कुछ दिनों से रामनगरिया मेले व इलाहाबाद कुम्भ मेले के आयोजन से पूर्व गंगा के जल को स्वच्छ बनाने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अपना शिकंजा कसे हुए है। जिसके चलते बीते दिनों से ही शहर के आधा सैकड़ा से अधिक छपाई कारखाने बंद करा दिये गये थे। गुरुवार को निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट को कारखाना चलता मिला।

नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम के साथ निरीक्षण करने निकले तो पहले साहबगंज चौराहे के आस पास की छपाई फैक्ट्रियों को चेक किया गया। इसके बाद पूरी टीम खानपुर पहुंची। जहां गहनता से छपाई फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया गया। ज्यादातर फैक्ट्री मालिकों ने अपनी अपनी फैक्ट्रियां आदेश के तुरंत बाद बंद रखने का विश्वास अधिकारियों को दिया। लेकिन फैक्ट्रियों के पास से निकली नाली से बह रहा पानी रंग युक्त होने की बजह से और गहनता से फैक्ट्रियों को चेक किया गया। खानपुर स्थित एन आर डाइंग, छपाई फैक्ट्री चलती मिली। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कर्मचारियों ने रंग का सैम्पुल भर लिया। सीएम ने गुरुवार को 22 से अधिक छपाई कारखानों का निरीक्षण किया।

इस सम्बंध में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के यूसी वर्मा ने बताया कि चल रही फैक्ट्री को बोर्ड की तरफ से नोटिस जारी किया जायेगा। इस दौरान तहसीलदार सदर राजेन्द्र चौधरी भी मौजूद रहे।