अवैध बालू खनन में छह ट्रैक्टर ट्राली के साथ तीन गिरफ्तार

Uncategorized

कमालगंज (फर्रुखाबाद) : कमालगंज क्षे के नथुआपुर की गंगा की कटरी में पुलिस ने दबिश देकर अवैध रूप से बालू खनन करने वाले आधा दर्जन ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में लेकर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। ट्रैक्टर चालकों ने बालू खनन में अन्य क्षेत्र के स्वीकृत पत्र भी पुलिस को दिखाये। वहीं पुलिस पर एक ट्रैक्टर चालक को छोड़ देने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने धारा नगला व नथुआपुर गांव के समाने गंगा की कटरी में छापा मारा। इससे अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया। चालक ट्रैक्टर ट्राली लेकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर पकड़ा। गंगा पार करने के प्रयास में एक ट्रैक्टर को गंगा के अंदर से पकड़ा गया। एक चालक ट्राली छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्राली के टायरों को पंक्चर कर दिया।

पुलिस ने बालू से भरी दो व चार ट्रैक्टर ट्राली खाली कब्जे में लीं और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। उन्हें थाने लाया गया। थानाध्यक्ष राघवन कुमार सिंह ने बताया कि अवैध खनन कर बालू ले जाने के आरोप में ट्रैक्टर ट्राली सहित चालक टोनी निवासी कुइयांधीर, सालिकराम निवासी नरायनपुर गढि़या व संजू निवासी घटियाघाट को गिरफ्तार किया गया है। तीन ट्रैक्टरों के चालक फरार हो गये। चालक सहित पकड़े ट्रैक्टरों को सीज किया जायेगा और चालक फरार होने वाले ट्रैक्टर लावारिस दाखिल किए जाएंगे।

ट्रैक्टरों के मालिकों ने आरोप लगाया कि सात ट्रैक्टर पकड़े गए थे। एक ट्रैक्टर को राजनीतिक दबाव में छोड़ दिया गया है। थानाध्यक्ष राघवन कुमार सिंह ने बताया कि बघार नाला पर वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर बालू लेकर जा रहा था। उसे पकड़ा गया था। उसने प्रपत्र सी संख्या 43677 की रसीद दिखाई। इसकी जानकारी एसडीएम को भी दी गई। रसीद के आधार पर उसे छोड़ा गया है। अन्य ट्रैक्टरों को घाट से बालू भरते समय पकड़ा गया है।