एड्स रोगियों की संख्या में हो रही वृद्वि, सीएमओ ने मोमबत्ती जलाकर किया जागरूक

Uncategorized

फर्रुखाबाद : मुख्य चिकित्साधिकारी राकेश कुमार ने लोहिया मूर्ति के पास मुख्य मार्ग पर मोमबत्ती जलाकर एड्स के प्रति जागरूक किया। वहीं लोहिया अस्पताल में होने वाली रोगियों की काउंसलिंग की गयी। जिसमें यह बात सामने आयी है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अभी तक आधा दर्जन रोगी बढ़ गए हैं। गत वर्ष 28 लोग पाजिटिव पाये गए थे। इस वर्ष नवंबर में ही यह आंकड़ा 34 तक पहुंच गया है। इस वर्ष महिलाओं की संख्या घटी है, लेकिन एड्स से एक महिला व मासूम की जान चली गई।

एक्यूरिड इम्यूनो डिफीसिएंसी सिन्ड्रोम (एड्स) एक घातक व जानलेवा बीमारी है। यह अब सभी जानते हैं कि बचाव ही इसका उपचार है। केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक इस रोग के प्रति गंभीर है। व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, लेकिन एड्स रोगी बढ़ते ही जा रहे हैं। लोहिया अस्पताल में एड्स की जांच की नि:शुल्क व्यवस्था है। वहां रोगी का नाम गुप्त रखा जाता है। इस वर्ष नवंबर तक 3342 लोगों की जांचें की गई हैं। इसमें 24 पुरुष और 10 महिलाएं एड्स से ग्रसित पाये गए। इनमें तीन दंपती भी शामिल हैं। दो बच्चों को भी अपने मां-बाप से यह रोग मिल गया। दो माह के मासूम और एक महिला की इस वर्ष एड्स से मौत हो गई। गत वर्ष 3569 लोगों की जांच की गई थी। इसमें 14 पुरुष और इतनी ही महिलाएं पाजिटिव पाई गई थीं। पाजिटिव मरीजों को एआरटी सेंटर (एन्ट्रो रिफरल वायोथिरेपी सेंटर) कानपुर भेजा गया। वहां नि:शुल्क दवाइयां दी जाती हैं।

एड्स मरीजों की काउंसलिंग के लिए लोहिया अस्पताल में महिला काउंसलर नीतू वर्मा तैनात है। वह मरीजों को सलाह देती हैं। उनका कहना है कि गांव के लोग कम जागरूक होते हैं। लोग दूसरे प्रदेशों में मजदूरी व ड्राइवरी करने जाते हैं और जागरूकता के अभाव में इस रोग से ग्रसित हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि वह हर शनिवार को प्रभावित लोगों को सलाह देने उनके घरों पर जाती हैं। वहीं सीएमओ राकेश कुमार ने अन्य चिकित्सकों के साथ मिलकर शाम को लोहिया तिराहे पर मोमबत्तियां जलाकर एडस के प्रति जागरूक किया।