तान्या हत्याकाण्ड में फंसे पिता की जमानत न होने से दुखी पुत्री ने पिया तेजाब

Uncategorized

फर्रुखाबाद: कहते हैं किसी की सजा किसी को मिलती है, करता कोई है और उसके साथ साथ परेशानियां अन्य लोगों को भी झेलनी पड़ती हैं। वह परेशानियां कभी कभी इतना बढ़ जाती हैं कि फिर आदमी को कुछ दिखाई नहीं पड़ता और वह आत्महत्या करने का फैसला तक कर बैठता है। ऐसा ही वाकया हुआ तान्या हत्याकाण्ड के आरोपी देवराम के घर में। जहां उसकी पुत्री ने इस बजह से तेजाब पी लिया कि उसके पिता की जमानत नहीं हो पा रही है।

विदित हो कि बीते 14 अप्रैल 2011 को कायमगंज के बखतेरापुर निवासी राजेन्द्र सिंह गंगवार की पुत्री तान्या के साथ कुछ लोगों ने बलात्कार के बाद हत्या कर शव को तालाब के किनारे नग्न अवस्था में फेंक दिया था। इस सनसनी खेज बारदात ने बड़ा रूप ले लिया था। कई पार्टी के नेताओं ने भी इसमें अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकी। आरोपियों की गिरफ्तारी भी की गयी। इसी तान्या हत्याकाण्ड में कायमगंज क्षेत्र के गिरधरपुर निवासी देवराम को भी आरोपी बनाया गया था। जो पिछले डेढ़ वर्ष से जेल में बंद है। घर में उसकी पत्नी कुसमा , 18 वर्षीय पुत्री रुवीना, 10 वर्षीय पुत्री करीना, 6 वर्षीय शकीना, 3 वर्षीय आशिका के अलावा एक पुत्र अरुण है। घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक ठाक नहीं चल रही है। कुसमा बीड़ी इत्यादि बनाकर परिवार का पेट पाल रही है। आर्थिक तंगी और पिता की जमानत के लिए कोई रास्ता नजर न आने से क्षुब्ध आरोपी देवराम की पुत्री 18 वर्षीय रुवीना ने घर में रखा तेजाब पी लिया। तेजाब पीने से उसकी हालत बिगड़ गयी तो परिजन उसे तत्काल कायमगंज स्वास्थ्यकेन्द्र लेकर पहुंचे। जहां हालत नाजुक होने पर उसे लोहिया अस्पताल के लिए रिफर किया गया। लोहिया अस्पताल में उसके ताऊ अहवरन ने रुवीना को भर्ती कराया।